हिंदी
झांसी-कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी में रविवार रात कानपुर से राजकोट जा रही स्लीपर बस बड़ागांव क्षेत्र में सीमेंट फैक्टरी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 80 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कई यात्री बस में फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल 33 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, बस रविवार शाम करीब चार बजे कानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर से राजकोट के लिए रवाना हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे झांसी-कानपुर हाईवे पर बड़ागांव स्थित सीमेंट फैक्टरी के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही यात्री अंदर फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए दौड़े।
बस हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे घायलों में गिरजा(40), श्रवण प्रसाद (32), दयाराम (42), दिनेश (25), लक्ष्मीबाई (20), तनु (22), मिराज (18), गोपाल (16), रामकिशोर (26), राजेश (32), राकेश (32), सचिन (19), रामू (25), मोहन (22), सर्वेश (20), दीपक (23), आशीष (18), अमरजीत (25), शिवा (18), रोहित (19), आनंद कुमार (30), यश (16), आशुतोष (20), उमर सिंह (19), अंकित (25) और संजना (24) समेत अन्य शामिल हैं। डॉक्टर का कहना है इन सभी को चोट आई है लेकिन उनकी दशा खतरे से बाहर बताई जा रही है।
Location : Jhansi
Published : 30 November 2026, 2:42 AM IST