हिंदी
झांसी में हाईवे किनारे सजा मयखाना (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में शराब की दुकानों के संचालन और आबकारी विभाग की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 से सटी एक शराब की दुकान का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दुकान के बाहर टेबल लगाकर शराब परोसने का दावा किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर दुकान के बाहर सर्विस रोड किनारे टेबल लगाकर शराब परोसे जाने का नजारा दिखाई दे रहा है। यानी हाईवे से सटे सर्विस रोड के किनारे ही मयखाना सजाने की व्यवस्था। शराब की बोतल चाहिए तो दुकान पर मौजूद, चखना चाहिए तो नमकीन हाजिर, ठंडा पानी चाहिए तो उसका भी इंतजाम। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कंपोजिट शराब की दुकान को किसने खुलेआम मयखाने में तब्दील करने की छूट दे रखी है?
झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 से सटी शराब की दुकान
चर्चा तो यहां तक है कि दुकान के बेसमेंट में भी शराब पिलाने की व्यवस्था की जाती है। यदि ऐसा है तो क्या इसके लिए नियमानुसार अनुमति ली गई है? क्या कैंटीन का लाइसेंस मौजूद है? या फिर आबकारी विभाग की नाक के नीचे नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
इतना ही नहीं, दुकान के संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि लाइसेंस किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर है, जबकि संचालन मनोज गुप्ता नामक व्यक्ति कर रहे हैं। आरोप है कि वह विभागीय अधिकारियों से रिश्तों और पहिचान का हवाला देकर अपना रसूख दिखाते हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
अब सबसे बड़ा सवाल आबकारी विभाग से है—क्या वायरल वीडियो की जांच होगी? क्या दुकान के लाइसेंस, संचालन और कैंटीन की अनुमति की पड़ताल होगी? क्या हाईवे किनारे सजाए जा रहे मयखाने पर कार्रवाई होगी? या फिर रसूख के आगे विभाग की जिम्मेदारी भी बोतल में बंद होकर रह जाएगी?
Location : Jhansi
Published : 27 November 2026, 6:55 AM IST