हिंदी
बदायूं में शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: जनपद के सहसवान क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कछला रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, सहसवान के ग्राम चमरपुरा निवासी सलमान पुत्र आलिम अली (26) और रुस्तमटोला के छोटे मोहल्ले निवासी मोहम्मद उमर पुत्र शुबराती (40) बाइक से ग्राम नसीरपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नसीरपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दोनों की ससुराल भी नसीरपुर गांव में बताई गई है। इसी दौरान कछला रोड पर इंडेन गैस एजेंसी के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
बदायूं में कछला रोड पर दर्दनाक हादसा (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
सड़क हादसे में दो युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिचितों और रिश्तेदारों का भी घटनास्थल तथा मृतकों के घरों पर पहुंचना शुरू हो गया।
अस्पताल में पहुंचे परिजन (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजने की तैयारी की। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रैक्टर चालक की क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर चिंता जताते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
Location : Budaun
Published : 26 November 2026, 11:34 PM IST