हिंदी
सिपाही पर गिरी निलंबन की गाज (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: जनपद बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मेला ककोड़ा में श्रद्धालु के साथ पुलिसकर्मी ने बेरहमी से मारपीट की। मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने पुलिसकर्मी पर बड़ी कार्रवाई की है। मामले से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डाइनामाइट न्यूज़ ने इस खबर को प्रमुखता से प्रसारित कर पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया था।
खबर का असर हुआ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को मेला ककोड़ा क्षेत्र में एक आरक्षी द्वारा श्रद्धालु के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी का श्रद्धालु के साथ मारपीट करने का मामला सामने आने के बाद मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई। इस घटना को डायनामाइट न्यूज़ ने प्रमुखता से उठाते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
ककोड़ा मेले में श्रद्धालु से मारपीट और अभद्रता (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर आरक्षी संख्या 1299 अंकित कुमार को अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और आम नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, इस कार्रवाई के बाद मेला ककोड़ा में श्रद्धालु के साथ मारपीट के मामले को प्रमुखता से उठाने वाली डाइनामाइट न्यूज़ की खबर की भी चर्चा हो रही है।
Location : Budaun
Published : 27 November 2026, 12:07 AM IST
Topics : Budaun News Dynamite News Impact kadar chowk police station police constable suspended Viral video