Gorakhpur: नौकायन पर धमाके की गूंज से अफरातफरी, 200 जवानों ने संभाला मोर्चा

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल रामगढ़ताल स्थित नौकायन क्षेत्र में गुरुवार को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए मेगा रेस्क्यू मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान बचाव दलों की मुस्तैदी को परखा गया।

Gorakhpur: शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्र रामगढ़ताल (नौकायन) पर गुरुवार उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पार्किंग क्षेत्र में दो जोरदार धमाकों की आवाज गूंजी। जान बचाने के लिए पर्यटकों में भगदड़ मच गई और घबराए पांच युवक सीधे गहरे ताल में कूद पड़े। हालांकि, कुछ ही पलों में स्पष्ट हो गया कि यह किसी आतंकी हमले या हादसे की हकीकत नहीं, बल्कि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र की मुस्तैदी परखने के लिए आयोजित एक 'मेगा रेस्क्यू मॉक ड्रिल' थी।

मिनटों में सक्रिय हुआ सुरक्षा और बचाव तंत्र

सुबह करीब 11 बजे बड़े तिरंगे के समीप स्थित पार्किंग में हुए इन काल्पनिक धमाकों की सूचना कंट्रोल रूम को मिलते ही शहर का समूचा प्रशासनिक और सुरक्षा अमला हरकत में आ गया। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर आम नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उधर, झील में कूदे युवकों को बचाने के लिए एनडीआरएफ एसडीआरएफ और 26वीं वाहिनी पीएसी की बाढ़ राहत टीमों ने मोटरबोट के जरिए पानी में उतरकर बेहद कम समय में सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बम निरोधक दस्ते ने नाकाम किए दो अन्य विस्फोटक

सर्च ऑपरेशन के दौरान डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने पार्किंग व आसपास के इलाकों की सघन तलाशी ली। इस दौरान टीम को दो अन्य संदिग्ध वस्तुएं (डमी बम) बरामद हुईं, जिन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने भी संभावित आगजनी पर काबू पाने का अभ्यास किया।

गोरखपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, थानेदारों से लेकर सीओ तक के तबादले, इन थानों की बदली कमान

मौके पर ही बना आधुनिक 'फील्ड हॉस्पिटल

अभ्यास के दौरान धमाके की चपेट में आए 12 और पानी में डूबने से प्रभावित 5 कुल 17 लोगों को घायल दर्शाया गया। घायलों को त्वरित चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए एम्स गोरखपुर की टीम ने अपनी अत्याधुनिक पोर्टेबल चिकित्सा इकाई 'भीष्म क्यूब' (का प्रदर्शन किया। इसकी मदद से पास ही स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह परिसर में महज कुछ ही मिनटों के भीतर एक चलता-फिरता अस्पताल खड़ा कर घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया।

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर गोरखपुर पहुंची चुनाव आयोग की टीम, 11 जिलों की होगी समीक्षा

200 से अधिक कर्मियों ने लिया हिस्सा

जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन और जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता के समन्वय में संपन्न हुए इस संयुक्त अभ्यास में पुलिस, पीएसी, एनडीआरएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) और आपदा मित्रों सहित 200 से अधिक जवान व कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति या आपदा के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल और रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाना है।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 November 2026, 5:48 AM IST

Advertisement