हिंदी
महराजगंज के चंदनपुर में छिनैती का मामला (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में रविवार को कपड़ा व्यापारी से करीब डेढ़ लाख रुपये की छिनैती का मामला सामने आया है। घटना रविवार की रात कोल्हुई थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव के पास की बताई जा रही है। दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे व्यापारी को कथित तौर पर कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया और उसके पास मौजूद नकदी छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, परासखांड निवासी करीम लोटन रोड पर 'आशिका फैशन' नाम से कपड़े की दुकान चलाता है। रविवार की रात दुकान बंद करने के बाद करीम करीब 1.50 लाख रुपये नकद लेकर बाइक से अपने घर के लिए निकला था।
इसी दौरान चंदनपुर गांव के पास कुछ लोगों ने कथित तौर पर करीम को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने व्यापारी के पास मौजूद रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद करीम ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
कोल्हुई में डेढ़ लाख की छिनैती से हड़कंप (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
करीम ने घटना के तुरंत बाद पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर अपने साथ हुई कथित छिनैती की सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोल्हुई थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
वहीं, करीम के भाई अब्दुल्लाह ने बताया कि उसके भाई ने फोन कर अपने साथ रुपये की छिनैती होने की जानकारी दी थी। फिलहाल कथित वारदात में शामिल लोगों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के संबंध में पुलिस का पक्ष जानने के लिए डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता ने रविवार रात 10:43 बजे कोल्हुई थाना प्रभारी अभय नारायण सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। हालांकि, थाना प्रभारी ने फोन रिसीव नहीं किया, जिसके चलते उनका पक्ष नहीं मिल सका।
महराजगंज के कोल्हुई में ट्रैक्टर और पिकअप की भीषण टक्कर, 6 लोग घायल
फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। कथित छिनैती की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपियों के संबंध में पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।
Location : Maharajganj
Published : 30 November 2026, 12:07 AM IST