हिंदी
महराजगंज के कोल्हुई में दर्दनाक हादसा (Img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। केसौली के पास खेत के रास्ते अचानक सड़क पर निकले ट्रैक्टर और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
महराजगंज में ट्रैक्टर-पिकअप की टक्कर (Img: Dynamite News)
मिली जानकारी के मुताबिक, पिकअप संख्या UP56BT 7530 कोल्हुई की तरफ से लोटन की ओर जा रही थी। इसी दौरान केसौली के पास खेत के रास्ते से अचानक एक ट्रैक्टर मुख्य सड़क पर आ गया। पिकअप चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार लोग घायल हो गए।
Maharajganj: समाधान दिवस में अचानक पहुंचे मंडलायुक्त-DIG, खुद सुनीं फरियादियों की समस्याएं
हादसे में हरैया पंडित निवासी आकाश, बसंत, पृथ्वीराज, इंदरबली, सुभाष और राजेश घायल हो गए। इनमें आकाश की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लोटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद कार्रवाई में जुटी कोल्हुई थाना पुलिस (Img: Dynamite News)
पिकअप चालक की पहचान कोल्हुई थाना क्षेत्र के खरहरवा निवासी ताज मोहम्मद के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
Location : Maharajganj
Published : 29 November 2026, 10:24 AM IST