Delimitation Bill: 850 लोकसभा सीटें और 2051 तक फ्रीज का दांव, विशेष सत्र से पहले परिसीमन पर आमने-सामने आए दल

संसद के विशेष सत्र से पहले देश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार के एक अहम प्रस्ताव ने राजनीतिक दलों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। कहीं समर्थन तो कहीं विरोध के सुर सुनाई दे रहे हैं। ऐसे में सबकी नजरें आगामी सत्र पर हैं।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 29 November 2026, 10:07 AM IST
google-preferred

New Delhi: लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव ने देश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। संसद का विशेष सत्र शुरू होने से पहले ही परिसीमन को लेकर विपक्षी दलों के सुर अलग-अलग सुनाई देने लगे हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जहां इस प्रस्ताव का विरोध कर रही हैं, वहीं शरद पवार की पार्टी समेत कई क्षेत्रीय दलों ने इसके समर्थन के संकेत दिए हैं। दूसरी ओर दक्षिण भारत के नेताओं ने भी अपने राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। ऐसे में अब सभी की नजरें संसद में होने वाली बहस पर टिकी हैं।

परिसीमन पर विपक्ष में मतभेद, कौन किसके साथ?

केंद्र सरकार के बदले हुए डीलिमिटेशन प्रस्ताव को लेकर विपक्षी गठबंधन के अंदर मतभेद सामने आए हैं। शरद पवार की अगुवाई वाली नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) ने सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी की शर्त पर बिल का समर्थन करने की बात कही है।

पवार की पार्टी के इस रुख से महाराष्ट्र के महा विकास अघाड़ी गठबंधन में भी तनाव बढ़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने NCP के रुख से नाराजगी जताई है।

दूसरी तरफ, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK), भारत राष्ट्र समिति (BRS) और YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने भी बदले हुए डिलिमिटेशन प्रस्ताव का समर्थन किया है।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी पार्टियां प्रस्तावित बिल का विरोध कर रही हैं। इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा ने संकेत दिया है कि वह प्रस्ताव पर विचार करेगा। बीजू जनता दल का आखिरी रुख अभी साफ नहीं है।

INDIA गठबंधन की बैठक में क्या हुआ? खरगे ने बताया परिसीमन बिल पर विपक्ष का पूरा प्लान

लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या होगी 850

केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान (132वां संशोधन) बिल और डिलिमिटेशन बिल पेश करने की तैयारी कर रही है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल दोनों बिल सदन में पेश करेंगे।

केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। प्रस्तावित बिल के तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौजूदा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके बाद लोकसभा में अभी की 543 सीटें बढ़कर लगभग 816 हो सकती हैं, जबकि सदन में सदस्यों की संवैधानिक अधिकतम संख्या 850 तय करने का प्रस्ताव है।

इससे राज्यों से ज्यादा से ज्यादा 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य चुने जा सकेंगे। इसके अलावा राज्य विधानसभाओं में अभी की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है और विधानसभा सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।

नए डिलिमिटेशन के बाद राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा 2051 तक बिना बदले रहने का प्रस्ताव है। सरकार का लक्ष्य सीटों के विस्तार के साथ-साथ लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना है।

INDIA bloc Meeting: परिसीमन समेत कई मुद्दों पर विपक्षी दलों की बैठक; SP TMC, RJD समेत इन दलों का साथ, जानिए किसने खींचे पीछे हाथ

दक्षिण भारत में क्यों बढ़ी चिंता?

दक्षिण भारत के कई नेताओं ने भी डिलिमिटेशन और सीट विस्तार को लेकर अपनी चिंताएं जताई हैं। इन नेताओं का सवाल है कि आबादी के आंकड़ों के आधार पर डिलिमिटेशन का दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर क्या असर पड़ेगा।

हालांकि, केंद्र सरकार के बदले हुए प्रस्ताव में सभी राज्यों के लिए सीटों में बराबर बढ़ोतरी का प्रावधान है। इसके बावजूद विपक्षी पार्टियां चुनावी सीमाएं तय करने की प्रक्रिया और नए डिलिमिटेशन प्रोसेस पर सवाल उठा रही हैं।

संसद का स्पेशल सेशन 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा। लोकसभा की कार्यवाही सोमवार से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी।

संविधान संशोधन बिल पास करने के लिए दोनों सदनों में स्पेशल मेजॉरिटी की जरूरत होगी। इसलिए अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों का रुख अहम होगा। महिला आरक्षण और डिलिमिटेशन को लेकर संसद में लंबी बहस होने की संभावना है।

Location :  New Delhi

Published :  29 November 2026, 10:07 AM IST

Advertisement