हिंदी
बूथों पर पहुंचे डीएम शिवशरणप्पा (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj : उत्तर प्रदेश के महराजगंज में मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान एसएसआर-2027 को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। रविवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सदर स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर विशेष अभियान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति, नए मतदाताओं के पंजीकरण और फार्म-06 प्राप्त होने की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, नवविवाहिताओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने सभी बीएलओ को निर्धारित समय पर अपने बूथों पर उपस्थित रहने और पात्र मतदाताओं को फार्म-06 भरने में सहयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन और ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने जांची बूथों की व्यवस्था (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
मतदाता सूची में नाम, आयु, पता या अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर संबंधित मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार सदर को बूथों पर बीएलओ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर अभियान की निगरानी करने को कहा।
डीएम ने जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
नायब तहसीलदार द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, बूथ संख्या 198 पर पांच, बूथ संख्या 199 पर सात, बूथ संख्या 200 पर सात, बूथ संख्या 201 पर आठ और बूथ संख्या 203 पर आठ फार्म-06 प्राप्त हुए। इस प्रकार पांच बूथों पर कुल 35 नए मतदाताओं के पंजीकरण के आवेदन मिले। निरीक्षण के दौरान बीएलओ दिव्या रानी, इम्तियाज, अफसाना, गौरी शंकर और कृष्ण मणि पटेल उपस्थित रहे।
महराजगंज में कपड़ा व्यापारी से डेढ़ लाख की छिनैती, पुलिस महकमे में हड़कंप
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और व्यापकता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का आधार है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए
Location : Maharajganj
Published : 30 November 2026, 1:31 AM IST