हिंदी
मंडलायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर इन्द्र विक्रम सिंह ने की समीक्षा बैठक (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज में मतदाता सूची को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत अब हर बूथ पर औसतन 140 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। खास तौर पर 18 से 19 साल के युवाओं और महिला मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने पर जोर दिया जा रहा है।
इस बीच बूथ के निरीक्षण में कुछ ऐसा सामने आया, जिसने राजनीतिक दलों की बूथ स्तर पर सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए।
मंडलायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर इन्द्र विक्रम सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि मतदाता सूची तैयार करने में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पात्र नागरिकों का नाम सूची में जोड़ने के साथ दावे और आपत्तियों का समय से निस्तारण किया जाए।
ये भी पढ़ें- शिवपाल सिंह यादव से मिले फर्रुखाबाद के सपा नेता डॉ. जेपी सिंह वर्मा लोधी, 2027 चुनाव को लेकर चर्चा तेज
17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर औसतन 140 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य लेकर काम किया जाए।
उन्होंने खासतौर पर 18 से 19 वर्ष के उन युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए, जो पहली बार मतदान करने के योग्य हुए हैं। इसमें महिला और पुरुष दोनों मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा महिला और पुरुष मतदाताओं के अनुपात की समीक्षा कर महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
बूथ पर पहुंचे मंडलायुक्त (Img: Dynamite News)
समीक्षा बैठक से पहले मंडलायुक्त ने पनियरा विधानसभा क्षेत्र के छाती राम बूथ संख्या-307 का निरीक्षण किया। यहां उन्हें किसी भी राजनीतिक दल का बूथ लेवल एजेंट (BLA) मौजूद नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने बूथों पर बीएलए नामित करें और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ समन्वय बनाकर काम करें। इससे मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जोड़ने और गलतियों को दूर करने में मदद मिलेगी।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का विधानसभा निर्वाचक नामावली से मिलान कराया जाए। दोनों सूचियों में अंतर मिलने पर ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जाए, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। इसके बाद उनसे फार्म-06 भरवाकर पंजीकरण कराया जाए।
मंडलायुक्त और DIG की मौजूदगी में श्यामदेउरवा थाने पर समाधान दिवस, फरियादियों की समस्याओं पर सख्त निर्देश
#dynamitenews #MaharajganjNews #UPNews #ThanaSamadhanDiwas #Gorakhpur #UPPolice @maharajganjpol @DmMaharajganj @CdoMaharajganj https://t.co/mkuPZwRbdP
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 28, 2026
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी जरूरी कदम समय पर उठाए जाएं। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी। इसके लिए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार तैयारियां पूरी करने को कहा गया।
मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन नियंत्रण एवं शिकायत प्रकोष्ठ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायत पंजिका में दर्ज मामलों की स्थिति देखी और शिकायतकर्ता अमित कुमार यादव से फोन पर बात की। अमित कुमार यादव ने वोटर आईडी से जुड़ी अपनी शिकायत के निस्तारण पर संतोष जताया। इसके बाद मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने पर भी जोर दिया।
ये भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2027 से पहले हाथरस में बदले सियासी समीकरण, पूर्व विधायक समेत तीन प्रमुख नेता कांग्रेस में शामिल
मंडलायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो वह फार्म-06 भरकर पंजीकरण करा सकता है। मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 का इस्तेमाल किया जा सकता है। भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नाम जांचने और ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
बैठक में डीआईजी शिवासिल्पा जिन्नपा, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार समेत सभी एआरओ, ईआरओ और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 28 November 2026, 5:32 PM IST
Topics : BLO BLA News Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) UP Election news Voter List Revision 2027 Voter List