लखनऊ के अस्पतालों पर चला FSDA का चाबुक; 68 जिलों में निरीक्षण, जानें वजह

लखनऊ में दवाओं की खरीद-बिक्री की कीमतें सार्वजनिक नहीं करने पर FSDA ने नौ अस्पतालों की फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित किए। चार दिसंबर तक चलेगा अभियान।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 28 November 2026, 3:13 PM IST
google-preferred

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दवाओं की खरीद और बिक्री की कीमतें सार्वजनिक नहीं करने वाले निजी अस्पतालों की फार्मेसियों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने नियमों का पालन नहीं करने पर नौ अस्पतालों की फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। कार्रवाई के दायरे में जावित्री हॉस्पिटल, टेंडर पाम, ग्लोब मेडिकेयर और शेखर हॉस्पिटल समेत कई प्रतिष्ठान शामिल हैं। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य मरीजों को दवाओं की वास्तविक कीमतों की जानकारी उपलब्ध कराना और बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना है।

13 अस्पतालों की फार्मेसियों का हुआ निरीक्षण

एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने एक अक्टूबर को अस्पतालों की फार्मेसियों में दवाओं और जरूरी चिकित्सा उपकरणों की खरीद-बिक्री की कीमतें सार्वजनिक करने का आदेश दिया था। आदेश के अनुपालन की जांच के लिए औषधि निरीक्षकों ने लखनऊ के 13 अस्पतालों की फार्मेसियों का निरीक्षण किया।

जांच में नौ फार्मेसियों में निर्धारित नियमों का पालन नहीं पाया गया। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण और जरूरी दस्तावेज मांगे थे। इसके बावजूद नियमों का अनुपालन नहीं होने पर लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई।

शेखर अस्पताल पर हुई कार्रवाई (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

इन अस्पतालों की फार्मेसियों पर हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दायरे में जावित्री हॉस्पिटल के राधा मेडिकल स्टोर, कृष्णा फार्मा और कृष्णा मेडिकल स्टोर शामिल हैं। इसके अलावा टेंडर पाम की फार्मेसी, हेल्थप्लस रिसर्च एंड मेडिसेंटर, शांति राज मेडिकल्स, अवध हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर, ग्लोब मेडिकेयर और केपीएम मेडिकल डिस्पेंसरी पर भी कार्रवाई की गई है।

शेखर हॉस्पिटल, शेखर हार्ट लंग सेंटर, डॉ. केएनएस फार्मेसी, तलवार स्किन फार्मेसी और किड्स क्लिनिक इंडिया लिमिटेड की फार्मेसियां भी कार्रवाई के दायरे में हैं।

एफएसडीए ने फार्मेसियों को अपनी वेबसाइट पर ड्रग लाइसेंस नंबर, लाइसेंस धारक का नाम-पता, फार्मासिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर और फोटो उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही साप्ताहिक स्टॉक का ब्योरा सार्वजनिक करना होगा। फार्मेसी काउंटर पर मूल्य सूची और वेबसाइट का लिंक क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा।

चार दिसंबर तक चलेगा विशेष निरीक्षण अभियान

एफएसडीए का विशेष निरीक्षण अभियान चार दिसंबर तक जारी रहेगा। अब तक उत्तर प्रदेश के 68 जिलों में 495 अस्पतालों की फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है।

नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को सात दिनों के भीतर जरूरी दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी लापरवाही मिलने पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की धारा 22(1)(डी) के तहत बिक्री पर रोक समेत अन्य कार्रवाई की जा सकती है।

Location :  Lucknow

Published :  28 November 2026, 3:10 PM IST

Advertisement