KGMU Ragging Case: जूनियर से ‘प्रणाम महोदय’ बुलवाना पड़ा भारी, 38 MBBS छात्र निलंबित

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है। जूनियर छात्रों से 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' बुलवाने का वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई हुई। दोषी छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और एक साल तक स्कॉलरशिप भी रोक दी गई है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 28 November 2026, 1:48 PM IST
google-preferred

Lucknow: लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में जूनियर छात्रों से रैगिंग कराने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जूनियर छात्र-छात्राओं से कतार में खड़े होकर सीनियर्स को 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहलवाने वाले MBBS के 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। इन सभी छात्रों को तीन महीने तक क्लास और हॉस्टल से बाहर रहना होगा। इसके अलावा प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है। इतना ही नहीं, एक साल तक उनकी स्कॉलरशिप भी रोक दी गई है। यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने और एंटी रैगिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है, जिसमें जूनियर छात्रों को सीनियर्स के सामने कतार में खड़े होकर अभिवादन करते देखा गया था।

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया KGMU प्रशासन

दरअसल, बीते दिनों KGMU का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें जूनियर छात्र-छात्राएं एक कतार में चलते हुए सीनियर छात्रों के सामने 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय में रैगिंग को लेकर सवाल उठने लगे थे। शिकायतें मिलने के बाद KGMU की एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू की।

ट्रैफिक जाम से परेशान कासगंज के सहावर को बड़ी राहत, करोड़ों के बाईपास के लिए पहली किस्त मंजूर

हालांकि, शिकायतों और वीडियो के सामने आने के बावजूद शुरुआत में KGMU प्रशासन इसे रैगिंग मानने से इनकार करता रहा था। वहीं, हॉस्टल में जूनियर छात्रों को देर रात तक मानसिक रूप से परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने पूरे मामले की पड़ताल की और जांच के आधार पर कार्रवाई की सिफारिश की।

कमेटी की 19 नवंबर को हुई बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई पर सहमति बनी। इसके बाद कुलपति की मंजूरी मिलने पर निलंबन और आर्थिक जुर्माने का आदेश जारी किया गया।

रात 12 से 2 बजे तक जूनियर छात्रों को रखते थे जगाकर

एंटी रैगिंग कमेटी की जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र रात 12 बजे से 2 बजे तक जूनियर छात्रों को जगाकर रखते थे। इतना ही नहीं, उन्हें वीडियो कॉल करके भी परेशान किया जाता था। जांच के मुताबिक, जूनियर छात्रों को गाने और म्यूजिक पर डांस करने के लिए मजबूर किया जाता था। ऐसा करने से इनकार करने पर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की जाती थी।

जांच में यह भी सामने आया कि जूनियर छात्रों को सीनियर्स के सामने कतार में खड़ा होकर 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहने के लिए विवश किया जाता था। इस तरह की गतिविधियों के जरिए जूनियर छात्रों पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था।

कमेटी की जांच में एक और अहम बात सामने आई। MBBS 2026 बैच के दो जूनियर छात्र भी सीनियर्स की रैगिंग में मदद कर रहे थे। कमेटी ने उन्हें भी दोषी मानते हुए कार्रवाई के दायरे में शामिल किया है।

दिल्ली-NCR को निशाना बनाने की आतंकी साजिश नाकाम, जैश का संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार

2025 और 2026 बैच के छात्रों पर गिरी गाज

KGMU प्रशासन की कार्रवाई के दायरे में MBBS 2025 बैच के 36 और MBBS 2026 बैच के 2 छात्र शामिल हैं। इस तरह कुल 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है। सभी को क्लास और हॉस्टल से बाहर रखने के साथ प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा उनकी स्कॉलरशिप एक साल तक रोकने का भी फैसला लिया गया है।

KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने स्पष्ट किया कि जूनियर छात्रों को डराने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि रैगिंग से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल एंटी रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को दें।

इस कार्रवाई के बाद KGMU में रैगिंग के मामले को लेकर प्रशासन का सख्त रुख सामने आया है। जांच में सामने आई गतिविधियों के आधार पर 38 छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

Location :  Lucknow

Published :  28 November 2026, 1:48 PM IST

Related News

Advertisement