हिंदी
खाने को लेकर विशाल सिंह की प्रतिक्रिया (Image Source: Dynamite News)
Patna: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में खाने को लेकर मची अफरा-तफरी अब चर्चा का विषय बन गई है। शादी समारोह के वायरल वीडियो में खाने के काउंटर पर लोगों की भीड़, धक्का-मुक्की और अव्यवस्था दिखाई दे रही है। कहीं प्लेटें हवा में उछाली जा रही हैं, तो कहीं लोग जमीन पर गिरे खाने को उठाकर खाते नजर आ रहे हैं। इन वीडियो को देखकर टीवी अभिनेता और 'बिग बॉस 13' के कंटेस्टेंट विशाल सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने लोगों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से बिहार की बदनामी होती है।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को बिहार के बड़े शादी समारोहों में से एक बताया जा रहा था। इस आयोजन में करीब 4 से 5 लाख लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी। वहीं, मेन्यू में 150 से ज्यादा व्यंजन होने की बात भी सामने आई थी। इतने बड़े आयोजन में खाने-पीने के व्यापक इंतजाम किए गए थे, लेकिन समारोह के कुछ वीडियो सामने आने के बाद चर्चा का केंद्र खाने के काउंटरों पर मची अफरा-तफरी बन गई।
Mumbai Crime: बेटी प्लेटफॉर्म पर करती रही इंतजार, उधर मां के साथ शौचालय में हुई खौफनाक वारदात
वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग खाने के काउंटरों पर जमा दिखाई दे रहे हैं। खाने के लिए धक्का-मुक्की और एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश के दृश्य भी सामने आए हैं। कुछ वीडियो में प्लेटें हवा में उछाली जा रही हैं, जबकि कुछ लोग जमीन पर गिरे खाने को उठाकर खाते नजर आ रहे हैं।
इतना ही नहीं, कुछ दृश्यों में लोग बड़े बर्तनों से सीधे खाना निकालते दिखाई दिए। कुछ लोगों ने प्लेट की जगह गत्ते का इस्तेमाल किया। भीड़ को संभालने के लिए लाठियों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई। शादी के भव्य इंतजाम के बीच सामने आए इन दृश्यों ने समारोह को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया।
शादी समारोह के इन वीडियो पर अभिनेता विशाल सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लोगों के व्यवहार और सिविक सेंस यानी सामाजिक जिम्मेदारी की समझ पर सवाल उठाए। विशाल ने तंज कसते हुए कहा कि लोग शायद कभी नहीं सुधरेंगे। उन्होंने खाने के लिए मची इस आपाधापी पर हैरानी जताते हुए पूछा कि आखिर ऐसा कौन सा खाना था, जिसके लिए लोग इस तरह टूट पड़े।
विशाल सिंह ने कहा, 'हम लोग नहीं सुधरेंगे। कहा सुधरेंगे, अगर सुधर जाएंगे तो यह सब करेगा कौन? और ऐसा कौनसा खाना मिल रहा था, भाई? ऐसा कौन सा रसगुल्ला, दाल चावल? ऐसा नहीं है कि कोई लंदन या फ़्रांस से आया हो। ऐसा नहीं है कि कोई दूसरे ब्रह्माण्ड से आया हो। कॉमन सेंस भी होना चाहिए।'
अभिनेता ने आगे कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों के घरों में भी खाने की कमी नहीं होगी, इसके बावजूद शादी में उनका ऐसा व्यवहार समझ से परे है। उनके मुताबिक, खाने को लेकर इस तरह की जल्दबाजी और अव्यवस्था उचित नहीं है।
विशाल सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया में आगे कहा, 'इज्जत ही नहीं है, खाना उड़ा रहे हैं हम लोग। रसगुल्ला ऐसा ले रहे हैं जैसे रसगुल्ला खाया ही नहीं है। मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं, जिन लोगों के वीडियो आप देख रहे हैं, उनके घर में खाने की जगह होगी।'
उन्होंने शादी समारोह में शामिल होने वाले लोगों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा, 'वहां क्या देखने गए? क्या मिला? शादी देखी किसी ने? कैसे सेलिब्रेट हुआ, क्या हुआ? नहीं ना? कुत्ते की तरह रोड पर खड़े थे सब।'
अभिनेता ने अपनी बात खत्म करते हुए लोगों से बिहार के साथ खड़े होने की अपील की। साथ ही उन्होंने ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने की बात कही, जिनसे राज्य की छवि खराब होती है।
इस तरह शिवांगी सिंह की शादी में खाने को लेकर सामने आए वीडियो और विशाल सिंह की प्रतिक्रिया के बाद यह समारोह सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है। जहां एक तरफ शादी में लाखों लोगों के लिए किए गए इंतजाम की बात सामने आई, वहीं दूसरी तरफ वायरल दृश्यों ने लोगों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Patna
Published : 28 November 2026, 1:37 PM IST