‘पापा को आखिरी बार देखना है’, एयरपोर्ट पर फूट-फूटकर रोया बेटा; स्पाइसजेट की घंटों की देरी ने बढ़ाई बेबसी!

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पिता की मौत के बाद पटना जाने पहुंचे युवक की SpiceJet फ्लाइट घंटों लेट हो गई। पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए युवक एयरलाइन कर्मचारियों के सामने रोता और मदद की गुहार लगाता रहा। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ नाराजगी जताई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 November 2026, 12:58 PM IST
google-preferred

New Delhi: पिता की मौत की खबर किसी भी बेटे के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख होती है। ऐसे वक्त में इंसान की बस एक ही ख्वाहिश होती है कि किसी तरह अपने परिवार के पास पहुंच जाए और अपनों को आखिरी बार देख सके। लेकिन सोचिए, जिस बेटे को पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होना हो, वह एयरपोर्ट पर घंटों फ्लाइट का इंतजार करता रह जाए तो उस पर क्या बीतेगी? दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ ऐसा ही दर्दनाक नजारा देखने को मिला।

पिता के अंतिम दर्शन के लिए परेशान होता रहा बेटा

यह मामला दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, युवक को अपने पिता के निधन की खबर मिली थी। वह किसी भी तरह पटना पहुंचकर पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होना चाहता था। इसी उम्मीद में वह एयरपोर्ट पहुंचा, लेकिन उसकी फ्लाइट में देरी होने लगी। युवक के लिए यह सामान्य यात्रा नहीं थी। उसके सामने पिता को आखिरी बार देखने और अंतिम संस्कार में शामिल होने का सवाल था। जैसे-जैसे समय बीत रहा था, उसकी बेचैनी बढ़ती जा रही थी।

अटलांटा एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी, खुफिया प्रमुख ने चेताया-आगे भी आ सकती तकनीकी गड़बड़ी

फ्लाइट शाम 6:30 बजे तक हुई रीशेड्यूल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक को पटना ले जाने वाली फ्लाइट पहले दोपहर 1:50 बजे रवाना होने वाली थी। लेकिन बाद में इसका समय बदलकर शाम 6:30 बजे कर दिया गया। इस बदलाव के चलते यात्रियों को कई घंटे तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। वीडियो में युवक फ्लाइट की डिस्प्ले स्क्रीन की ओर इशारा करते हुए एयरलाइन कर्मचारियों से सवाल करता नजर आता है। वह बताता है कि पटना जाने वाली फ्लाइट को गेट नंबर 34 से रवाना होना था, लेकिन यात्रियों की बोर्डिंग शुरू नहीं हुई थी।

एयरलाइन कर्मचारियों के सामने रोता रहा युवक

वायरल वीडियो में सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य वह है, जब युवक एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ से अपने पिता की मौत की बात बताता है। वह कर्मचारियों से कहता है कि उसके पिता का निधन हो गया है और उसे किसी भी तरह घर पहुंचना है। वह अपनी परिस्थिति समझाने के लिए बार-बार कर्मचारियों से मदद मांगता है। लेकिन फ्लाइट में देरी के चलते उसकी परेशानी कम होती नजर नहीं आती।

दूसरे यात्रियों का भी फूटा गुस्सा

फ्लाइट में देरी से परेशान सिर्फ वह युवक ही नहीं था। एयरपोर्ट पर मौजूद दूसरे यात्री भी घंटों इंतजार से नाराज दिखाई दिए। वीडियो में कई यात्रियों को एयरलाइन के खिलाफ विरोध जताते देखा जा सकता है। गुस्साए यात्रियों ने 'स्पाइसजेट शर्म करो' के नारे भी लगाए। यात्रियों का कहना था कि अगर फ्लाइट तय समय पर रवाना नहीं हो सकती तो उन्हें समय रहते इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। उनका सवाल था कि आखिर यात्रियों को घंटों तक इंतजार क्यों कराया जा रहा है?

दिल्ली एयरपोर्ट पर संदिग्ध की जबरन एंट्री की कोशिश नाकाम, CISF की सतर्कता से टली अप्रिय स्थिति

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो @BurmeeM नाम के यूजर मयंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग इस घटना पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यश डबास ने भी इस मामले को सोशल मीडिया पर उठाते हुए एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल किए। उन्होंने एक ऐसे बेटे की परेशानी की ओर ध्यान दिलाया, जो पिता की मौत के बाद घर पहुंचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन फ्लाइट में देरी के कारण एयरपोर्ट पर फंसा हुआ था।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 12:58 PM IST

Related News

Advertisement