हिंदी
पूर्व विधायक समेत तीन प्रमुख नेता कांग्रेस में शामिल (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Hathras: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने हाथरस में संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिले के तीन प्रमुख राजनीतिक चेहरों ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पूर्व विधायक गेंदा लाल चौधरी ने बसपा और जिला पंचायत सदस्य राकेश दिवाकर ने सपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज चौधरी भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। विधानसभा चुनाव से पहले इस राजनीतिक घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने तीनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह प्रभारी कुणाल चौधरी भी मौजूद रहे।
हाथरस जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित विवेक उपाध्याय तीनों नेताओं को दिल्ली लेकर पहुंचे थे। इनके साथ जगदीश चौधरी, नीरज कुमार, गजेंद्र सिंह तोमर और मोरध्वज ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि इनके जुड़ने से हाथरस में संगठन को मजबूती मिलेगी। कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और सर्वसमाज के हितों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस हाथरस में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है। अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े रहे नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी नेतृत्व को संगठन का जनाधार बढ़ने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी कुणाल चौधरी ने कहा कि हाथरस के प्रमुख नेताओं और उनके समर्थकों का कांग्रेस में शामिल होना संगठन के लिए उत्साहजनक है। उनके राजनीतिक अनुभव और जनसमर्थन से पार्टी को नई ताकत मिलेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंडित विवेक उपाध्याय ने इसे हाथरस के लिए महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि नए साथियों के सहयोग से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति दी जाएगी।
पूर्व विधायक गेंदा लाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और संविधान में विश्वास रखते हुए उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। वह पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने और जनता की आवाज उठाने का काम करेंगे।
जिला पंचायत सदस्य राकेश दिवाकर ने कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व में विश्वास जताया। वहीं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज चौधरी ने भी संगठन को मजबूत करने और जनता के हितों के लिए काम करने की बात कही।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमंत सेंगर, जिला महासचिव नवीन उपाध्याय, अब्बास हुसैन, कृष्ण एडवोकेट और हिमांशु जय हिंद समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
Location : Hathras
Published : 28 November 2026, 3:41 PM IST
Topics : genda lal chaudhary hathras congress Pankaj Chaudhary rakesh diwakar UP Assembly Election 2027