कूटरचित दस्तावेजों के सहारे एक ही जमीन का दो बार बैनामा, धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जिस जमीन का पहले ही विधिवत बैनामा वादी के पक्ष में किया जा चुका था, उसी जमीन को कथित तौर पर अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर किसी दूसरे व्यक्ति के नाम बैनामा कर दिया। इस तरह एक ही जमीन को दोबारा बेचने का मामला सामने आया।

गोरखपुर। जमीन की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी कर दूसरे की संपत्ति हड़पने के मामले में गगहा पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और पहले से बैनामा हो चुकी जमीन को दोबारा किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री करा दिया। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।

फर्जीवाड़े में शामिल लोगों में हड़कंप

पुलिस की इस कार्रवाई से जमीन के फर्जीवाड़े में शामिल लोगों में हड़कंप मचा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हेमन्त कुमार पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय शत्रुघन पाण्डेय निवासी देवकली धर्मसेन, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना गगहा में मुकदमा अपराध संख्या 502/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471, 504 और 506 में मुकदमा दर्ज है।

 दस्तावेजों में हेराफेरी किए जाने की शिकायत पर मामला खुला

मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर देकर जमीन के दोबारा बैनामे और दस्तावेजों में हेराफेरी किए जाने की शिकायत की गई। शिकायत के मुताबिक, जिस जमीन का पहले ही विधिवत बैनामा वादी के पक्ष में किया जा चुका था, उसी जमीन को कथित तौर पर अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर किसी दूसरे व्यक्ति के नाम बैनामा कर दिया। इस तरह एक ही जमीन को दोबारा बेचने का मामला सामने आया। तहरीर के आधार पर गगहा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गगहा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

जांच की जा रही दस्तावेजों की

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक आनंद कुमार, हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव और कांस्टेबल दीपक भारती शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका और जमीन के फर्जी बैनामे से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

Location :  गोरखपुर

Published :  28 November 2026, 5:28 PM IST

Advertisement