हिंदी
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव (Image Source: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां जोरों पर हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने अब से थोड़ी देर पहले 11 PDA विधानसभा प्रभारियों का ऐलान कर दिया है। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई विधानसभा सीटों के प्रभारियों के नाम शामिल हैं।
समाजवादी पार्टी द्वारा कुल 11 पीडीए विधानसभा प्रभारियों की सूची जारी की गई है। इसमें गाजियाबाद, हाथरस और मथुरा में दो-दो प्रभारियों का ऐलान किया गया है। इसके अलावा बागपत, गौतमबुद्धनगर, आगरा, शाहजहांपुर और जालौन में एक-एक विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, बागपत की बड़ौत विधानसभा सीट पर सुखेंद्र तोमर, गाजियाबाद की लोनी सीट पर अनिल कसाना और गाजियाबाद विधानसभा सीट पर अभिषेक गर्ग को प्रभारी बनाया गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर की नोएडा विधानसभा सीट की जिम्मेदारी मुकेश शर्मा को सौंपी गई है।
हाथरस विधानसभा सीट पर रामनारायण काके और सादाबाद विधानसभा सीट पर देवेंद्र अग्रवाल को प्रभारी बनाया गया है। मथुरा की छाता विधानसभा सीट पर लोकमणि जादौन और मांट विधानसभा सीट पर संजय लाठर को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा आगरा की बाह विधानसभा सीट पर कृष्ण वर्मा निषाद, शाहजहांपुर की तिलहर विधानसभा सीट पर रौशनलाल वर्मा और जालौन की कालपी विधानसभा सीट पर श्रीराम पाल को पीडीए विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है।
https://t.co/HrhUt2dLjr
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 29, 2026
Location : Lucknow
Published : 29 November 2026, 6:27 PM IST