हिंदी
खजनी पुलिस स्टेशन (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर खजनी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटी को जन्म देने के बाद ससुराल वालों का विवाहिता के प्रति व्यवहार बदल गया। उसे लगातार ताने दिए जाने लगे और दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया गया।
अब पीड़िता अपनी डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ मायके में रहने को मजबूर है। विवाहिता की तहरीर पर खजनी पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, खजनी बाजार निवासी जासमीन खातून का निकाह 13 अप्रैल 2024 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार अली हसन पुत्र मुमताज अली के साथ हुआ था। विवाहिता का आरोप है कि निकाह के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बेटी के जन्म के बाद ससुराल पक्ष के लोगों का रवैया बदल गया। बच्ची पैदा होने को लेकर उसे ताने दिए जाने लगे। इसके बाद पति और अन्य परिजनों की ओर से दो लाख रुपये नकद अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाने लगा।
ये भी पढ़ें: Gorakhpur News: पूर्वांचल में रोजगार की नई उम्मीद, योगी सरकार का उद्योग और निवेश पर जोर
पीड़िता के अनुसार, पति अली हसन, ससुर मुमताज अली, सास किताबुन निशा, ननद सलेहा खातून तथा जेठ इस्तेयाक अहमद मिलकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आए दिन विवाद और मारपीट से परेशान होकर उसने कई बार परिस्थितियों को संभालने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दहेज की मांग लगातार जारी रही। अंततः मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसका पति तीन तलाक देने पर आमादा है। प्रार्थना पत्र में पति के रोजगार के सिलसिले में लखनऊ के बासमंडी, सूरजकुंड पार्क के पास, थाना वजीरगंज क्षेत्र में रहने का उल्लेख किया गया है। घर से निकाले जाने के बाद से वह अपनी छोटी बच्ची के साथ मायके में रह रही है।
ये भी पढ़ें: Gorakhpur: रिश्ते हुए शर्मसार, जिसे निभाना था पिता का फर्ज, उसी ने रची खौफनाक साजिश
न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने मुख्यमंत्री को संबोधित प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मामले में खजनी पुलिस ने 29 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 0388 दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 और 115(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की सत्यता जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ मायके में रह रही विवाहिता को अब पुलिस जांच और न्यायिक कार्रवाई से इंसाफ मिलने की उम्मीद है।
Location : Gorakhpur
Published : 29 November 2026, 6:06 PM IST