हिंदी
खिलौना कार थमाकर तोड़ दिया रिश्ता (IMG: AI Generated)
Meerut: शादी के नाम पर महंगी गाड़ी की मांग करना लड़के वालों को भारी पड़ गया। उत्तर प्रदेश के मेरठ में दहेज की मांग से नाराज लड़की वालों ने ऐसा जवाब दिया कि वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। आरोप है कि लड़के वालों ने शादी के बदले दहेज में महंगी थार गाड़ी की मांग रख दी। इसके बाद लड़की पक्ष ने सुबह से रात तक लड़के वालों को घर पर बैठाए रखा और आखिर में असली थार की जगह उनके हाथ में खिलौने वाली थार थमा दी। इतना ही नहीं, लड़की वालों ने रिश्ता भी तोड़ दिया।
मामला मेरठ जिले का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ज्ञानपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे का रिश्ता सोलाना गांव में तय किया था। दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह लड़के पक्ष के लोग बेटे की चिट्ठी लेकर लड़की वालों के घर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान बातचीत के बीच लड़के वालों ने दहेज में महंगी थार गाड़ी की मांग रख दी। लड़के पक्ष की इस मांग से लड़की वाले नाराज हो गए। हालांकि, उन्होंने मौके पर ही विवाद करने के बजाय एक अलग तरीका अपनाने का फैसला किया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग कुर्सियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति खिलौने वाली कार लेकर उनके पास पहुंचता है और उसे थमाते हुए तंज कसता है। वीडियो में शख्स कहता सुनाई दे रहा है, 'इसे थामों, तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी, बल्कि ब्रांड की जरूरत थी। इसलिए हमने तुम्हें कार दी है और अब इसे चलाओ।'
मेरठ के इस कथित घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। लोग लड़की पक्ष के इस कदम पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वीडियो में खिलौना थार देकर जिस अंदाज में लड़के वालों पर तंज कसा गया है, वह भी चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस पूरे मामले में सामने आई जानकारी और वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दहेज में थार मांगने और इसके बाद रिश्ता तोड़ने की बात फिलहाल सामने आई जानकारी पर आधारित है।
Location : Meerut
Published : 29 November 2026, 3:35 PM IST
Topics : Dowry Demand dowry case meerut news Thar Car Viral video