जिसका अंतिम संस्कार करने जा रहे थे परिजन, उसी के शव को पुलिस ने लिया कब्जे में! मुजफ्फरनगर में मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर के शाहडब्बर गांव में 19 वर्षीय तन्नू की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए जा रही शव यात्रा रुकवा दी। गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर चर्चा है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 November 2026, 2:16 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को बीच रास्ते में ही रुकवा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में चर्चा है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवती को जहर देकर मार दिया गया, हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में आत्महत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवती की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

अंतिम संस्कार के लिए जा रहा था शव

दरअसल, पूरा मामला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के शाहडब्बर गांव का है। यहां 19 वर्षीय युवती तन्नू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि युवती की हत्या कर दी गई है और परिजन उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को बीच रास्ते में रुकवा दिया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

पांच दिन से लापता का जंगल में मिला शव, परिवार बोला- मुजफ्फरनगर पुलिस ने समय रहते तलाश की होती तो बच जाता भाई!

प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की गांव में चर्चा

युवती की मौत के बाद गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर भी चर्चा हो रही है। ग्रामीणों के बीच ऐसी बात कही जा रही है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवती के परिजनों ने उसे जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, यह अभी तक केवल गांव में चल रही चर्चा है। पुलिस की ओर से इस आरोप की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में युवती द्वारा खुद जहर खाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है।

Muzaffarnagar News

मुजफ्फरनगर में मचा हड़कंप (IMG: Dynamite News)

पुलिस ने क्या बताया?

इस पूरे मामले को लेकर सीओ बुढ़ाना राधा रमण सिंह ने जानकारी दी कि 29 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि शाहडाबर थाना क्षेत्र, बुढ़ाना में तन्नू पुत्री नीतू कश्यप की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद डायल 112 और चौकी की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। वहां जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई कि मृतका ने खुद जहर खाकर आत्महत्या की है। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मुजफ्फरनगर: घर के बाहर पिता-पुत्र पर बरसी गोलियां, दोनों की मौत; यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर डबल मर्डर से सनसनी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

19 वर्षीय तन्नू की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उसकी जान किन परिस्थितियों में गई? गांव में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या किए जाने की चर्चा है, जबकि पुलिस की शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  29 November 2026, 2:16 PM IST

Related News

Advertisement