Maharajganj News: अब नहीं होगी लापरवाही? कोल्हुई में बुद्ध-अम्बेडकर परिसर की घेराबंदी शुरू

महराजगंज के कोल्हुई क्षेत्र स्थित बुद्ध-अम्बेडकर परिसर में प्रतिमा क्षति की घटना के बाद प्रशासन ने फेंसिंग कार्य शुरू कराया। बीडीओ ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। पढ़ें पूरी खबर

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 22 June 2026, 7:17 PM IST
google-preferred

Maharajganj: कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम इलाहावास टोला फौजदारजोत स्थित बुद्ध-अम्बेडकर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फेंसिंग कार्य शुरू कर दिया गया है। हाल ही में परिसर में स्थापित भगवान बुद्ध और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं की अंगुलियां क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और परिसर की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए गए।

प्रतिमा क्षति की घटना के बाद बढ़ी सतर्कता

शनिवार को परिसर में स्थापित दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया और परिसर के चारों ओर फेंसिंग का कार्य शुरू कराया।

बीडीओ ने किया निरीक्षण

सोमवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के.के. शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने फेंसिंग की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बीडीओ ने कहा कि कार्य को तय मानकों के अनुसार और निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल का किया स्वागत

फेंसिंग कार्य शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों में संतोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा घेरा बनने से प्रतिमाओं और परिसर की बेहतर सुरक्षा हो सकेगी। ग्रामीणों ने परिसर के सौंदर्यीकरण, नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की भी मांग की है।

नियमित निगरानी के निर्देश

बीडीओ के.के. शुक्ला ने कहा कि बुद्ध-अम्बेडकर परिसर से जुड़े सभी विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसआई दिनेंद्र, एडीओ पंचायत गुलाब पाठक, आरक्षी हरि प्रताप यादव, महिला आरक्षी सोनी, शशि यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  22 June 2026, 7:17 PM IST

Advertisement