हिंदी
Maharajganj: उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले सनसनीखेज हत्याकांड का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। अपने ही भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर नेपाल में छिपकर रह रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी दंपत्ति को पुलिस ने आठ साल बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामला वर्ष 2019 का है। ग्राम फुलमनहा टोला लेहड़ा बाजार निवासी घनश्याम गिरि की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया था कि संपत्ति के लालच में उसकी बहन विमला गिरी ने अपने पति दिनेश गिरि और नाबालिग पुत्री के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद पूरा परिवार नेपाल भाग गया और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा।
महराजगंज पुलिस लंबे समय से दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
मैनपुरी में डिंपल यादव ने नवविवाहित जोड़े को दिया आशीर्वाद
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नेपाल से लौटकर इलाके में आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूर्यमानपुर कांछा चौराहा से विमला गिरी और लेदवा चौराहा से उसके पति दिनेश गिरि को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों नेपाल के कपिलवस्तु जनपद में छिपकर रह रहे थे।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। पुलिस ने कई बार दबिश दी, लेकिन दोनों हर बार बच निकलने में सफल रहे। पुलिस लगातार उन पर नजर बनाए हुए थी और आखिरकार मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया।
उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितने भी समय तक फरार रहें, कानून से बच नहीं सकते। पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों की तलाश में जुटी रहती है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास करती है।
शहीद सैनिक की जमीन पर दबंग कर रहे कब्जा, विरोध पर जान से मारने की धमकी
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों पर पहले से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में एसआई तारकेश्वर वर्मा, एसआई आलोक यादव, कांस्टेबल हृदय नारायण यादव, आलोक कुमार, संदीप गौतम और छाया गौतम की टीम शामिल रही। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 8 May 2026, 7:28 PM IST