हिंदी
आरोपी दरोगा विमल चौहान (image source: dynamite news)
Bareilly: उत्तर प्रदेश में बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेनी दरोगा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। बैरियर टू पुलिस चौकी पर तैनात ट्रेनी दरोगा विमल चौहान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और चौकी परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
सूत्रों के अनुसार एंटी करप्शन टीम को आरोपी दरोगा के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एक मामले में कार्रवाई के बदले उससे पैसे मांगे जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू की और फिर जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को तय योजना के तहत शिकायतकर्ता बैरियर टू चौकी पहुंचा। जैसे ही उसने ट्रेनी दरोगा विमल चौहान को 10 हजार रुपये दिए, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
Farrukhabad News: मां छोड़ गई नवजात… अस्पताल से सामने आई दिल दहला देने वाली कहानी
कार्रवाई के दौरान चौकी और थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई। एंटी करप्शन टीम आरोपी दरोगा को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ट्रेनी दरोगा विमल चौहान की नियुक्ति मृत आश्रित कोटे से पुलिस विभाग में हुई थी। रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद अब उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी लगभग तय मानी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जैसे ही मामले की जानकारी मिली वे भी सक्रिय हो गए। विभाग की ओर से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी गई है। सूत्रों का कहना है कि आरोपी दरोगा की कार्यशैली और पिछले मामलों की भी जांच की जा सकती है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में मारी ऐसी टक्कर कि साजन आंसुओं में डूब गए
एंटी करप्शन टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी दरोगा पहले भी लोगों से इस तरह रिश्वत वसूलता था या नहीं। टीम उसके मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर सकती है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है।
Location : Bareilly
Published : 8 May 2026, 6:54 PM IST