भिटौली में जमीनी विवाद बना खूनी संघर्ष! हत्या मामले में छह पर मुकदमा, पांच आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में जमीनी विवाद के चलते 55 वर्षीय विनोद तिवारी की रविवार शाम कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र प्रियांशु तिवारी की तहरीर पर छह आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Maharajganj: भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में रविवार शाम जमीनी विवाद के चलते हुई हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जहां 55 वर्षीय विनोद तिवारी की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है। पुरानी रंजिश और भूमि विवाद इस हत्याकांड की मुख्य वजह मानी जा रही है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह घटना रविवार शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक विनोद तिवारी का गांव के कुछ लोगों से लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद अचानक भयावह मोड़ ले बैठा, जब सहातम के घर के पास स्थित पुलिया पर आरोपियों ने विनोद तिवारी को रोककर घेर लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गांव में दहशत का माहौल

हत्या की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही भिटौली पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दिया। थोड़ी देर बाद पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, एएसपी सिद्धार्थ कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परिवार से बातचीत कर हत्या के कारणों और विवाद का विवरण समझा।

कफ सिरप कांड में बड़ा झटका: सिपाही की पत्नी के खाते में करोड़ों का लेनदेन, अब हुई सख्त कार्रवाई

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पुत्र प्रियांशु तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में छह लोगों पर हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने का आरोप लगाया है। तहरीर में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, वे राजेंद्र पुत्र दरोगा, लोकनाथ तिवारी पुत्र उदयभान, वतन पुत्र बैजनाथ, बैजनाथ पुत्र विंदेश्वरी, दीपू पुत्र दरोगा, शंभू पुत्र रामधनी हैं।

प्रियांशु का कहना है कि इन लोगों से परिवार की पुरानी रंजिश थी और उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी थी।

छह के खिलाफ मामला दर्ज

थाना प्रभारी मदन मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। सभी छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 191(3), 61(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए छह में से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Codeine Syrup Racket Exposed: नकली कफ सिरप केस में डाइनामाइट न्यूज़ का बड़ा खुलासा, शुभम जयसवाल को ईडी ने किया तलब

गांव में तनावपूर्ण स्थिति

गांव में स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन पुलिस बल की तैनाती के कारण हालात नियंत्रण में हैं। अधिकारी लगातार गांव में डटे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस का कहना है कि यह जमीनी विवाद पहले से चल रहा था, लेकिन अब हत्या तक पहुंच जाना बेहद चिंताजनक है। परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि ऐसे मामले भविष्य में दोबारा न हों। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 8 December 2025, 3:21 PM IST