हिंदी
नशीले कफ सिरप तस्करी (Img Source: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में नशीले कफ सिरप तस्करी मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल केस में लखनऊ आदर्श कारागार में तैनात सिपाही महेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि महेंद्र सिंह का सीधा संपर्क कफ सिरप कांड में जेल भेजे जा चुके बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह, अमित सिंह टाटा और मुख्य सरगना शुभम जायसवाल से था।
STF जांच में सामने आया है कि आलोक सिंह और महेंद्र सिंह की पत्नी के खाते के बीच 50 लाख रुपये से ज्यादा का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इसी वित्तीय कनेक्शन के आधार पर जेल प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए महेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
इस मामले में पहले ही यूपी पुलिस का बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह जेल भेजा जा चुका है। आलोक सिंह, पूर्व सांसद धनंजय सिंह का करीबी माना जाता है। एसटीएफ की जांच में यह खुलासा हुआ था कि आलोक सिंह की फर्जी फर्म के जरिए नशीले कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़ा बड़ा पैसा इधर-उधर किया गया।
इसके अलावा अमित सिंह टाटा और आलोक सिंह इस समय जिला कारागार में बंद हैं, जबकि महेंद्र सिंह की तैनाती लखनऊ आदर्श कारागार में थी। जांच एजेंसियों को शक है कि जेल के भीतर से भी इस नेटवर्क को संरक्षण दिया जा रहा था।
36 जिलें और 118 से अधिक FIR… यूपी में कफ सिरप का काला कारोबार, पढ़ें इस कांड की पूरी कहानी
जांच से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आलोक सिंह के बैंक खातों से महेंद्र सिंह की पत्नी रीता सिंह के खाते में 50 लाख रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर हुई। यही नहीं, महेंद्र सिंह ने हाल ही में एक महंगी SUV भी खरीदी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर स्पेशल सीरीज 9777 रखा गया।
यह गाड़ी उसकी पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसमें स्थायी पता उन्नाव जेल और वर्तमान पता सुल्तानपुर रोड स्थित एक कॉलोनी का दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि महेंद्र सिंह पहले उन्नाव जेल में ही तैनात था, जहां से उसका यह नेटवर्क मजबूत हुआ माना जा रहा है।
इस पूरे मामले में एक और बड़ा मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह की तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें वह आरोपी अमित सिंह टाटा, बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह और मुख्य सरगना शुभम जायसवाल के साथ नजर आ रहा है। एक तस्वीर में वह पूर्व सांसद धनंजय सिंह के साथ भी दिखा, जिससे इस मामले के राजनीतिक और प्रशासनिक कनेक्शन की भी जांच तेज कर दी गई है।
इन तमाम तथ्यों के सामने आने के बाद डीजी जेल के निर्देश पर महेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस कफ सिरप नेटवर्क को जेल के अंदर से भी किसी तरह की मदद मिल रही थी।
Location : Lucknow
Published : 8 December 2025, 2:46 PM IST
Topics : ANTF Operation Codeine Syrup Racket Exposed FSDA Action Narcotics Seizure UP Anti Drug Raids
No related posts found.