हिंदी
नैनीताल में वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। तीन दिनों में हजारों सैलानी सरोवर नगरी पहुंचे। पर्यटन स्थलों और मालरोड पर दिनभर रौनक रही। पर्यटन कारोबारियों ने गर्मियों में और अधिक पर्यटकों के आने की उम्मीद जताई।
नैनीताल में पर्यटकों की भारी आमद
Nainital: सरोवर नगरी नैनीताल में वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिली, जिससे पूरा शहर रौनक से भर गया। बीते तीन दिनों के भीतर हजारों सैलानी नैनीताल पहुंचे और शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।
शुक्रवार की शाम से ही पर्यटकों का आना शुरू हो गया था और यह सिलसिला रविवार दोपहर तक जारी रहा। खासतौर पर रविवार को डे-टूर पर आने वाले सैलानियों की संख्या काफी ज्यादा रही, जिसके चलते शहर के कई इलाकों में पर्यटकों की भीड़ नजर आई।
पर्यटकों ने नैनीताल के प्रमुख आकर्षणों का जमकर लुत्फ उठाया। पंत पार्क, झील किनारा, स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वाटरफॉल, चिड़ियाघर और केव गार्डन जैसे पर्यटन स्थलों पर दिनभर भीड़ बनी रही। वहीं मालरोड पर भी अच्छी खासी चहल-पहल देखने को मिली और सैलानियों ने नैनी झील में नौकायन का आनंद लिया।
नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों के आंकड़ों के मुताबिक इन तीन दिनों में करीब 1400 से अधिक पर्यटक वाहन नैनीताल पहुंचे। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिले हुए हैं। पर्यटन व्यवसायियों का मानना है कि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
मां शीतला के दर्शनों से चर्म रोग होगा छूमंतर, जानिए मंदिर की आस्था से जुड़ी ये कहानी
इधर, नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट का कहना है कि जल्द ही गर्मियों का पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में प्रशासन को यातायात व्यवस्था को पहले से बेहतर बनाना होगा, ताकि शहर आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो और पर्यटन का पूरा लाभ स्थानीय कारोबार को मिल सके।