हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार की नाकामी पर कड़ा बयान दिया। गोरखपुर में हत्या और लूट की घटनाओं को उदाहरण बताया, जनता को सुरक्षित प्रदेश का भरोसा दिलाया।
अखिलेश यादव का दावा: उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल है।
सपा प्रमुख ने गोरखपुर में पूर्व पार्षद की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह हत्याकांड स्पष्ट करता है कि प्रदेश में बेखौफ अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि अपराधियों को पनाह देने के लिए भूमिगत तरीके अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा- "अब भाजपाई 'आस्तीनी अपराधी' ही भाजपा सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं, जिन्हें भाजपाइयों ने पाल-पोसा है।"
DN Follow Up: फरेंदा के अरविंद चौधरी हत्याकांड का खौफनाक सच, 13 जख्मों ने खोली बेरहमी की पूरी कहानी
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि हत्याएं और लूट आम बात हो गई हैं, और महिलाएं, बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में गुण्डों, माफियाओं और दबंगों का दबदबा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का "जीरो टॉलरेंस" का दावा पूरी तरह झूठा है। आगे उन्होंने कहा कि- "मुख्यमंत्री जी के पास झूठे दावों के अलावा कुछ नहीं है। हर दिन प्रदेश में हत्या, लूट समेत अपराध की तमाम घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है।"
घटना स्थल पर जुटी भीड़, मौके पर पुलिस (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
अखिलेश यादव ने भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा सरकार पर तीखी टिप्पणियाँ की। उन्होंने लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार का उदाहरण दिया। सपा प्रमुख ने कहा कि उद्घाटन में लगे फूल तक कुछ दिनों में विलीन हो गए, और यह भ्रष्टाचार की स्थिति दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि, "भाजपा सरकार ख़ुद से वसूली करवाएगी या बुलडोजर चलवाएगी?"
DN Follow Up: फरेंदा के अरविंद चौधरी हत्याकांड का खौफनाक सच, 13 जख्मों ने खोली बेरहमी की पूरी कहानी
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर विभाग में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। उन्होंने जल जीवन मिशन के बजट की लूट और पानी की टंकियों के ढहने की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश को भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया गया है। उन्होंने कहा कि, "भाजपा महा-भ्रष्टाचार का अड्डा है। इस सरकार में हर काम और हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार है।"
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा के झूठे दावों और वादों को समझ चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सत्ता में लौटकर प्रदेश को अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाएगी।