हिंदी
सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर मिट्टी पाट देने से पूरा रास्ता बंद
लक्ष्मीपुर (महराजगंज): जनपद के लक्ष्मीपुर ब्लॉक अंतर्गत बकैनिया हरैया गांव के खुटहवा टोला में एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर मिट्टी पाट देने से पूरा रास्ता जलजमाव की चपेट में आ गया है। गांव की आबादी लगभग 1000 है और यही खड़ंजा रास्ता पूरे टोले के लोगों का मुख्य संपर्क मार्ग है। मिट्टी डाले जाने से अब यह रास्ता कीचड़ और गंदे पानी में तब्दील हो गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार गांव के निवासी राधेश्याम, मुनि राम चौधरी, लक्ष्मीना, विपत समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग पर आए दिन ग्रामीणों का आना-जाना लगा रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर किसान, मजदूर, महिलाएं और बुजुर्ग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब वहां जलभराव होने से न केवल आवागमन प्रभावित हुआ है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत कोल्हुई थाना पुलिस से की गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची भी, लेकिन अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में पुलिस और प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग जानबूझकर रास्ता बंद करा रहे हैं, ताकि लोगों को तकलीफ हो और वे परेशान होकर समझौता करने को मजबूर हों।
गांव के प्रधान ने भी बताया कि उन्होंने स्वयं कोल्हुई थाना जाकर इस मामले की लिखित शिकायत दी है, लेकिन समाधान अब तक नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल रास्ते से मिट्टी हटवाकर जलजमाव की समस्या से निजात दिलाई जाए, अन्यथा वे सामूहिक धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे। इस संबंध में कोल्हुई थाने के उप निरीक्षक (SI) अंजनी कुमार ने बताया कि रास्ता पाटने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही रास्ते से मिट्टी हटवाकर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
Location : Lakshmipur
Published : 29 June 2025, 6:53 PM IST