हिंदी
कुशीनगर में होली और ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त और डीआईजी ने समीक्षा बैठक कर सख्त निर्देश दिए। बॉर्डर क्षेत्रों में विशेष निगरानी, अवैध शराब पर कार्रवाई, कंट्रोल रूम स्थापना और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के आदेश जारी किए गए।
त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
Kushinagar: आगामी होलिका दहन, होली एवं ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त अनिल ढींगरा एवं डीआईजी एस चनपा की संयुक्त अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में होलिका दहन स्थलों एवं ईदगाहों का संयुक्त निरीक्षण करें। साथ ही विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ समय रहते बैठक कर आपसी समन्वय स्थापित करें, जिससे त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या तनाव की स्थिति न उत्पन्न हो।
जनपद के सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इसे अतिसंवेदनशील बताते हुए गौ-तस्करी और कच्ची शराब की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। चिन्हित बॉर्डर एरिया में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कच्ची शराब अथवा एक्सपायरी डेट की मदिरा की बिक्री नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसी गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी एसडीएम, सीओ और एसएचओ को आबकारी विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर शराब की दुकानों की जांच, स्टॉक सत्यापन और रजिस्टर मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने और अवैध भट्ठियों को नष्ट करने को कहा गया।
त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाने, आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार चालान करने के निर्देश दिए गए। डीआरवी वाहनों को चिन्हित स्थानों पर तैनात रखने और अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने के लिए कहा गया। एलआईयू अधिकारियों को भी सतर्क रहकर गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के मद्देनजर आपात स्थिति से निपटने हेतु तत्काल कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जिसमें सभी संबंधित विभागों की संयुक्त ड्यूटी रहे। स्वास्थ्य विभाग को पीएचसी और सीएचसी स्तर पर चिकित्सकों एवं स्टाफ की तैनाती, दवाओं और बेड की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को ईदगाहों, चौराहों और प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्युत विभाग को लटकते तारों और जर्जर पोल की जांच कर आवश्यक मरम्मत करने के निर्देश दिए गए।
Kushinagar News: छात्राओं से छेड़खानी मामले पर सीएम ने लिया संज्ञान, दोनों आरोपियों का एनकाउंटर
नई उम्र के युवकों, बिना नंबर प्लेट वाहनों और संभावित उपद्रवियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। जुलूसों की पूर्व जांच, डीजे निर्धारित डेसीबल सीमा में बजाने और पिछले पांच वर्षों की घटनाओं का रिकॉर्ड खंगालकर संबंधित व्यक्तियों को पाबंद करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर रील या वीडियो पोस्ट न करने की भी हिदायत दी गई।