हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा (सोर्स- एक्स)
Raebareli: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नए सियासी अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज यानी 24 सितंबर 2026 (गुरुवार) को रायबरेली से अपनी बहुप्रतीक्षित 'पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रथ यात्रा' का भव्य आगाज करने जा रहे हैं। 2027 के विधानसभा चुनावों को साधने के लिए तैयार किया गया यह 15 मीटर लंबा हाईटेक रथ आज पूरे प्रदेश का मुख्य आकर्षण का केंद्र बनने वाला है। इस यात्रा के जरिए सपा अपने सियासी समीकरणों को धार देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रथम चरण के तहत इस यात्रा की शुरुआत रायबरेली सीमा के पास बछरावां के चुरुआ से दोपहर 12:15 बजे होगी। राजनीतिक गलियारों में इस बात की खासी चर्चा है कि कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले रायबरेली जिले से इस अभियान की शुरुआत करके सपा ने एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की है। पार्टी का मुख्य फोकस राज्य के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करना है। अपनी इस यात्रा के दौरान अखिलेश यादव स्थानीय समीकरणों को मजबूत करने के लिए रायबरेली में कई अहम सियासी मुलाकातें भी करेंगे।
बलरामपुर में डीजे की तेज आवाज से बच्ची की मौत के बाद उठे सवाल, नियमों की अनदेखी पर घिरा सिस्टम
अखिलेश यादव के आज के दौरे का पूरा शेड्यूल बेहद व्यस्त और रणनीतिक है-
सुबह 11:15 बजे: लखनऊ स्थित अपने आवास से रायबरेली के लिए रवाना होंगे।
दोपहर 12:15 बजे: बछरावां के चुरुआ (रायबरेली सीमा) से आधिकारिक रूप से 'पीडीए रथ यात्रा' की शुरुआत करेंगे।
दोपहर 1:30 बजे: घंटाघर चौराहे के पास हरचंदपुर पहुंचेंगे, जहां वे सपा के ओबीसी विधायक राहुल लोधी के आवास पर कार्यकर्ताओं और छात्रसभा के सदस्यों से विशेष भेंट करेंगे।
प्रमुख मुलाकातें: अखिलेश यादव हरचंदपुर से ओबीएस विधायक राहुल लोधी के अलावा बछरावां के दलित विधायक श्याम सुंदर भारती से भी मुलाकात कर सामाजिक समीकरणों को और मजबूत करेंगे।
विशाल जनसभा: रायबरेली के जीआईसी (GIC) मैदान में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी के आगामी एजेंडे को जनता के सामने रखेंगे।
यह विशेष प्रचार रथ कोई आम वाहन नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर पूरी तरह हाईटेक बनाया गया है।
आकार और सुरक्षा: यह रथ करीब 15 मीटर लंबा है जो पूरी तरह बुलेटप्रूफ ग्लास से सुरक्षित है।
तकनीक और सुविधाएं: रथ के भीतर सेंट्रलाइज्ड एसी (AC) और वाई-फाई (Wi-Fi) जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
जनसंपर्क: जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए रथ के बाहरी हिस्से पर एक बड़ी एलईडी (LED) स्क्रीन लगाई गई है, जिसके जरिए पार्टी के संदेश को आसानी से प्रसारित किया जा सके।
समाजवादी पार्टी का यह महत्वाकांक्षी लक्ष्य है कि इस हाईटेक रथ के माध्यम से उत्तर प्रदेश के सभी जिलों और राज्य के हर एक विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचा जाए। आज रायबरेली से शुरू हो रही यह यात्रा आने वाले दिनों में यूपी की राजनीति को एक बिल्कुल नई दिशा देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Location : Raebareli
Published : 24 September 2026, 9:21 AM IST