हिंदी
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 नवंबर को गोरखपुर पहुंच रहे हैं। उनके दौरे को लेकर पार्टी ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। पहले यह कार्यक्रम चौरी चौरा के देवकही में आयोजित होना था, लेकिन अब इसमें करीब 20 किलोमीटर का रोड शो भी जोड़ दिया गया है। पार्टी इस आयोजन को पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के बड़े मौके के तौर पर देख रही है। अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह पीडीए रथ पर सवार होकर चौरी चौरा के देवकही के लिए रवाना होंगे।
रोड शो जुड़ने के बाद समाजवादी पार्टी ने कार्यकर्ताओं की जुटान का दायरा भी बढ़ा दिया है। पहले गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों से कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी थी। अब पूर्वी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बुलाया जा रहा है। आयोजन में एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं और नेताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और स्थानीय पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। रोड शो के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अखिलेश यादव का संदेश पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है।
अखिलेश यादव के इस दौरे का एक ऐतिहासिक और राजनीतिक पहलू भी है। चौरी चौरा के देवकही में वह महान क्रांतिकारी और अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। बाबू बंधू सिंह की विरासत को याद करने के बहाने सपा स्थानीय लोगों के बीच अपनी राजनीतिक और सामाजिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश करेगी। चौरी चौरा का ऐतिहासिक महत्व भी इस कार्यक्रम को खास बनाता है।
जमीन का सौदा कर एडवांस लिया, फिर दूसरे के नाम कर दिया फर्जी बैनामा! गोरखपुर में इनामी आरोपी गिरफ्तार
अखिलेश यादव के दौरे का सबसे चर्चित राजनीतिक पहलू स्वर्गीय बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू की समाजवादी पार्टी में एंट्री है। कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। टप्पू की सपा में एंट्री को चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के संभावित प्रत्याशी हो सकते हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 17 November 2026, 6:07 PM IST