हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Dynamite News)
Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 18 नवंबर को बड़े सियासी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में हैं। करीब ढाई साल बाद गोरखपुर पहुंच रहे सपा प्रमुख का यह दौरा महज एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसके जरिए गोरखपुर और बस्ती मंडल की 41 विधानसभा सीटों पर पार्टी की सियासी पकड़ मजबूत करने की रणनीति दिखाई दे रही है। चौरीचौरा की ऐतिहासिक क्रांतिकारी धरती से अखिलेश यादव पूर्वांचल की राजनीति को नया संदेश देने की कोशिश करेंगे।
अखिलेश यादव के दौरे को लेकर सपा ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। पहले एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक कार से जाने की तैयारी थी, लेकिन अब विशेष पीडीए रथ के जरिए करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो निकालने की योजना बनाई गई है। एयरपोर्ट से चौरीचौरा क्षेत्र के देवकहिया गांव तक प्रस्तावित यह रोड शो गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। करीब दो घंटे के इस शक्ति प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जरिए पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेगी। पीडीए रथ के माध्यम से अखिलेश यादव सामाजिक समीकरणों को साधने के साथ ही पार्टी के जनाधार को विस्तार देने का संदेश भी देंगे।
RRB Group D Result 2026: स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का आसान तरीका
इस दौरे का सबसे अहम राजनीतिक पहलू चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। यह क्षेत्र निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के राजनीतिक प्रभाव वाला माना जाता है। यहां उनके छोटे बेटे इंजीनियर सरवन निषाद विधायक हैं। ऐसे में सपा की नजर इस विधानसभा क्षेत्र में अपनी खोई राजनीतिक जमीन मजबूत करने पर है।
इसी रणनीति के तहत स्थानीय प्रभावशाली नेता टप्पू सिंह को समाजवादी पार्टी में शामिल कराने की तैयारी बताई जा रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में करीब 30 हजार वोट हासिल कर चुके टप्पू सिंह की सपा में संभावित एंट्री को महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। इससे चौरीचौरा में विपक्षी मतों का समीकरण प्रभावित हो सकता है और आगामी विधानसभा चुनाव की सियासी लड़ाई दिलचस्प हो सकती है।
अखिलेश यादव चौरीचौरा क्षेत्र के देवकहिया गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां अमर शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण और श्रद्धांजलि सभा प्रस्तावित है। सपा इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटी है। पार्टी नेताओं की ओर से गोरखपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जुटाने की तैयारी की जा रही है। शहीद बंधु सिंह की विरासत के जरिए सपा जनता के बीच ऐतिहासिक स्मृतियों और राजनीतिक संदेश को जोड़ने की कोशिश करेगी।
गोरखपुर: चौरीचौरा में आग का तांडव, छह दुकानें जलकर राख; लाखों का सामान खाक
इस पूरे घटनाक्रम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अखिलेश यादव के दौरे के अगले ही दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी गोरखपुर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में मुख्यमंत्री के गृह जनपद में लगातार दो दिनों तक बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों से सियासी माहौल गरमाने के आसार हैं।
एक तरफ भाजपा का मजबूत संगठन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रभाव है, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी पीडीए की रणनीति, स्थानीय नेताओं और सामाजिक समीकरणों के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है। अब निगाहें 18 नवंबर के रोड शो पर टिकी हैं। सवाल यही है कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक धरती से अखिलेश यादव का यह शक्ति प्रदर्शन पूर्वांचल की राजनीति में कितना असर छोड़ेगा और क्या सपा निषाद पार्टी के मजबूत गढ़ में अपनी सियासी पैठ बनाने में सफल होगी?
Location : Gorakhpur
Published : 17 November 2026, 2:49 PM IST