हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से कानून व्यवस्था और खाकी को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के झूलपुरी में स्थित उत्तराखंड के विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर हरियाणा की एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना को अंजाम दिया गया।
हैरानी और सदमे की बात यह है कि इस घिनौनी वारदात में कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) के जिम्मेदार जवान शामिल थे। मामले की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए चारों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली है। पूछताछ में सामने आया कि पीड़िता की मुलाकात सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल मोहित से हुई थी। 21 सितंबर को मोहित युवती को कार से मेरठ ले गया, जहां उसका साथी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी साथ हो गया। इसके बाद मंगलवार शाम ये लोग अमरोहा के हसनपुर कोतवाली पहुंचे, जहां स्थानीय दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद कुमार भी इनके साथ जुड़ गए।
इन्होंने खुद को गृह मंत्रालय का बड़ा अधिकारी बताकर विधायक के फार्म हाउस में कमरा लिया। रात में शराब और खाने के बाद दरोगा, हेड कांस्टेबल और इंस्पेक्टर जबरन युवती के कमरे में घुस गए और दरिंदगी की।
तीन आरोपियों द्वारा दरिंदगी किए जाने के बाद जब सिपाही प्रमोद कुमार कमरे में दाखिल होने लगा, तो पीड़िता ने हिम्मत दिखाई। उसने सिपाही को धक्का देकर बाहर निकाला और तुरंत कमरा अंदर से लॉक कर लिया। इसके बाद पीड़िता ने बिना वक्त गंवाए सीधे पुलिस को फोन घुमा दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने फार्म हाउस पर छापेमारी कर चारों वर्दीधारियों को मौके से धर दबोचा। पीड़िता को सुरक्षित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां उसकी देखरेख की जा रही है।
अमरोहा मर्डर केस में बड़ा यू-टर्न, उम्रकैद की सजा काट रही महिला को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली जमानत
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी और अमरोहा के एसपी लखन सिंह यादव ने सख्त रुख अपनाया है। हसनपुर कोतवाली में तैनात आरोपी दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद कुमार को तुरंत निलंबित कर दिया गया है और उनकी बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम और हेड कांस्टेबल मोहित के खिलाफ कड़े विभागीय एक्शन के लिए संबंधित उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
Location : Amroha
Published : 24 September 2026, 8:33 AM IST
Topics : Amroha News crime news up crime UP News