हिंदी
DM डॉ. अमित पाल ने तहसील मंझनपुर और विकास खंड चायल व नेवादा का निरीक्षण किया। फरियादियों के बैठने, पेयजल, साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और शिकायत निस्तारण में खामियों पर अधिकारियों को नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए।
DM डॉ. अमित पाल का औचक निरीक्षण
Kaushambi: कौशांबी के जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज कई जगहों का औचक निरीक्षण किया, जिसके बाद इलाके में तहलका मचा गया। तहसील मंझनपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारी एस.पी. वर्मा को फरियादियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता और शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पुरुष शौचालय में पानी की अनुपलब्धता और वाटर कूलर की साफ-सफाई ठीक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित नाजिर का वेतन रोकने के आदेश भी दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी न्यायालय के निरीक्षण में अभिलेख व्यवस्थित न पाए जाने पर पेशकार का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार और नायब तहसीलदार को राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए भी निर्देशित किया।
खामियों पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दी चेतावनी
कौशांबी DM डॉ. अमित पाल की सख्ती, राजस्व निरीक्षक निलंबित; कई अधिकारियों पर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने लेखपाल/अमीन की सर्विस बुक अवलोकन के दौरान उन्हें अपडेट रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अमीन से 10 लाख से अधिक बकायेदारों और उनसे राजस्व वसूली की जानकारी ली। तहसीलदार को उचित दिशा-निर्देश देने को कहा गया।
आई.जी.आर.एस. और जनशिकायत रजिस्टर के अवलोकन के दौरान शिकायतकर्ताओं की जानकारी अपडेट न पाए जाने पर जनशिकायत लिपिक को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी शिकायतें समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित हों।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी और ए.डी.ओ. (पं0) से स्पष्टीकरण लेते हुए कहा कि प्राथमिकता के आधार पर जनसुनवाई और शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध किया जाए। कार्यालय एवं परिसर की साफ-सफाई और अभिलेखों का रख-रखाव व्यवस्थित किया जाए।
पेयजल और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने नेवादा का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता), स्थापना लिपिक और ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) के वेतन रोकने के निर्देश दिए। सभागार कक्ष की साफ-सफाई ठीक न पाए जाने पर खंड विकास अधिकारी को सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ओम प्रकाश, उपायुक्त मनरेगा मनोज वर्मा और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।