हिंदी
ट्रैक पार कर रहे दंपती की मौत, जांच में जुटी पुलिस (सोर्स- एक्स)
Kanpur Dehat: कानपुर देहात के अंबियापुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। औरैया जाने के लिए घर से निकले एक दंपती की रेलवे ट्रैक पार करते समय मेमू ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
रूरा थाना क्षेत्र के सिठमरा गांव के रहने वाले 48 वर्षीय किसान अनिल दीक्षित मंगलवार देर शाम अपनी 43 वर्षीय पत्नी संजू के साथ घर से निकले थे। दंपति को औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र में अपनी एक रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए जाना था। इसी सिलसिले में वे सफर की शुरुआत करने के लिए अंबियापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन पर पहुंचने के बाद दोनों ने ट्रेन पकड़ने से पहले रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की, जो उनके लिए घातक साबित हुई।
मुजफ्फरनगर में नाबालिग युवती को बुर्के की आड़ में ले जाने का आरोप, महिला हिरासत में
जब अनिल दीक्षित अपनी पत्नी के साथ रेलवे लाइन पार कर रहे थे, ठीक उसी समय अलीगढ़ से कानपुर की दिशा में आ रही एक मेमू ट्रेन वहां से गुजर रही थी। अचानक आई ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि दंपती संभल नहीं सके और उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर ट्रैक पर ही गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन के गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी दी। स्टेशन मास्टर ने उसी मेमू ट्रेन के जरिए झींझक जीआरपी को इस दुर्घटना की सूचना भिजवाई।
घटना की सूचना मिलते ही झींझक जीआरपी चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और आसपास के ग्रामीणों की मदद से मृतकों की शिनाख्त अनिल दीक्षित और उनकी पत्नी संजू के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उनके परिजनों से संपर्क कर इस दुखद हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्वजन बदहवास हालत में मौके पर दौड़े चले आए।
बैरियर लगाकर हो रही थी पैसों की वसूली! बदायूं में ट्रैफिक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल
माता-पिता की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत की खबर से उनके घर में मातम छा गया। मृतक दंपती के बेटे विशाल और अंशु तथा बेटी आशी का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे विशाल ने बिलखते हुए बताया कि उनके माता-पिता खुशी-खुशी रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उन्हें यह बिल्कुल अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी विदाई होगी। परिवार को समझ ही नहीं आ रहा है कि पल भर में यह सब कैसे उजड़ गया। जीआरपी चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी ने बताया कि इस पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 30 September 2026, 7:57 AM IST
Topics : Ambiapur Railway Station Accident Couple Killed By Train Kanpur Dehat News MEMU Train Accident UP News