हिंदी
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया (Img: Dynamite News)
Kannauj: सिकंदरपुर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। खेत में छिड़काव के लिए दवा लेने पैदल जा रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक ट्रैक्टर के पिछले पहिए में फंस गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
हादसा सिकंदरपुर क्षेत्र में राजा ईंट भट्ठे के पास हुआ। घुसुआपुर गांव निवासी अभिषेक राजपूत खेत में छिड़काव के लिए दवा लेने पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अभिषेक ट्रैक्टर के पिछले पहिए में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर का पिछला पहिया खोलकर युवक को बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें- लखनऊ में बिजली कटौती पर बेकाबू हुए लोग! बाउंड्री फांदकर पावर हाउस में घुसे, गाड़ी पलटी और SSO को पीटा
पुलिस शव को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और शव को सड़क पर रख दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई।मौके पर पहुंचे छिबरामऊ इंस्पेक्टर कपिल दुबे, सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह और जिला पंचायत सदस्य प्रमोद राजपूत ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद मामला शांत हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अभिषेक पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी को अभी करीब 15 महीने ही हुए थे। उनकी तीन माह की बेटी भी है। हादसे के बाद पत्नी और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, चालक की तलाश की जा रही है।
Location : Kannauj
Published : 15 August 2026, 1:05 PM IST