हिंदी
बिजली कटौती पर बेकाबू हुए लोग (IMG: Dynamite News)
Lucknow: राजधानी में गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों का पारा चढ़ा दिया। दिनभर बिजली की आंख-मिचौली से परेशान लोगों का गुस्सा आखिरकार बृहस्पतिवार देर रात फूट पड़ा। एफसीआई उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद रात करीब 12:30 बजे बड़ी संख्या में उपभोक्ता पॉवर हाउस पहुंच गए। यहां गेट बंद मिला तो लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग बाउंड्रीवॉल फांदकर बिजली उपकेंद्र के अंदर दाखिल हो गए।
हंगामे के दौरान बिजली उपकेंद्र परिसर में खड़ी एक गाड़ी भी भीड़ के निशाने पर आ गई। आरोप है कि गाड़ी में तोड़फोड़ करने के बाद उसे पलट दिया गया और उसके टायर को पंक्चर कर दिया गया। उपकेंद्र में अचानक हुए इस बवाल के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में दहशत फैल गई। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पिता की मौत, घर में मातम… तभी सादे कागज पर लिया गया अंगूठा; लखनऊ की घटना ने चौंकाया
एफसीआई उपकेंद्र के तहत पाल कॉलोनी, लोधी भवन के पीछे, आदर्श विहार, मां कृपा होटल के पीछे की कॉलोनी, नौराना और सलेमपुर पतौरा समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं आने से लोगों की परेशानी बढ़ती चली गई।
मामले को लेकर एलटी 11 केवी के अवर अभियंता जहागीर आलम ने काकोरी पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ और कर्मचारी के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है। काकोरी के इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि जेई की शिकायत मिली है। अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में जांच की जा रही है।
रिश्वत से संपत्ति तक… 17 साल चला CBI का केस, IRCTC लखनऊ रीजन के पूर्व चीफ को जेल
उधर, बृहस्पतिवार रात हुई बारिश और तेज हवाओं के बाद बिजली व्यवस्था कई जगह चरमरा गई। समेसी उपकेंद्र से पोषित करीब 200 गांवों में बिजली आपूर्ति लगभग आठ घंटे तक ठप रही। रात करीब दो बजे गई बिजली शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बहाल हो सकी। इससे बहरौली फीडर से जुड़े करीब 50 गांव, समेसी फीडर के करीब 70 गांव और मीरखनगर फीडर से जुड़े करीब 80 गांव प्रभावित हुए। इस तरह करीब डेढ़ लाख लोगों को भीषण उमस के बीच बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
बीती रात आई आंधी और बारिश का असर राजधानी के कई इलाकों में देखने को मिला। कई जगह पेड़ गिरने से बिजली के पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। वृंदावन सेक्टर-5 डी के एक पार्क में लगा पेड़ अचानक भरभरा कर सामने स्थित शेर सिंह के मकान पर जा गिरा।
Location : Lucknow
Published : 15 August 2026, 12:40 PM IST