हिंदी
पूराभोज गांव हाई वोल्टेज ड्रामा
Kannauj: जनपद के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पूराभोज में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 24 वर्षीय सुमित राजपूत गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह करीब 8 बजे युवक अचानक टावर पर जा चढ़ा और ऊंचाई से जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक एक युवती से शादी कराने की मांग कर रहा था। उसका कहना था कि यदि उसकी शादी संबंधित लड़की से नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा। युवक की इस हरकत से गांव में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। इसी बीच सूचना पर गुरसहायगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस कर्मियों ने हालात को संभालते हुए युवक को शांत कराने की कोशिश शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा। पुलिस ने एहतियातन आसपास भीड़ को नियंत्रित किया, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार युवक बार-बार यही कह रहा था कि पहले उसकी शादी तय की जाए, तभी वह नीचे उतरेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है कि युवक सुरक्षित नीचे उतर आए। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता युवक की जान बचाना है।
रायबरेली में चोरों के हौसले बुलंद, गरीब के घर को बनाया निशाना; लोगों में दहशत का माहौल
गांव के राजीव कुमार, अनूप कुमार, प्रदीप कुमार और संजय कुमार समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि सुमित नशे का आदी है और अक्सर नशे की हालत में विवाद करता रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि संभवतः नशे के प्रभाव में ही उसने यह कदम उठाया।
हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिस युवती से शादी की बात कही जा रही है, उसमें कितनी सच्चाई है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग युवक के सुरक्षित नीचे उतरने की दुआ कर रहे हैं।
पुलिस और परिजन मिलकर लगातार युवक को समझाने में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। पूरे घटनाक्रम ने गांव में सनसनी फैला दी है और लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
Location : Kannauj
Published : 11 February 2026, 2:12 PM IST
Topics : kannauj news Kannauj Police UP News UP Police