हिंदी
राहुल गांधी
Amethi : कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ अमेठी में बुधवार को सियासी माहौल उस वक्त गर्म हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी के तेवर काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं और अपने बयान पर माफी भी नहीं मांगेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने संविधान पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि “मैं माफी नहीं मांगूंगा, फिर बोलूंगा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह गद्दार हैं, क्योंकि उन्होंने संविधान पर आक्रमण किया है।” राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अब देश की जनता भी डरने वाली नहीं है और लोग सरकार की नीतियों को समझ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनता से पेट्रोल ज्यादा इस्तेमाल करने की बात कहते हैं और फिर करोड़ों रुपये के विमान से विदेश जाकर रील बनवाते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि देश में फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं, महंगाई लगातार बढ़ रही है और आने वाले समय में खाद संकट जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
उन्होंने ईरान-अमेरिका तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि अगर हालात बिगड़े तो देश की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और सरकार जरूरी सुधार करने में विफल रही है।
राहुल गांधी ने नोटबंदी को किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर हमला बताते हुए कहा कि इसका फायदा सिर्फ बड़े उद्योगपतियों को पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पब्लिक सेक्टर को कमजोर कर दिया, फैक्ट्रियां बंद हो गईं और पूरे देश में बेरोजगारी बढ़ गई।
उन्होंने कहा कि देश को किसान और मजदूर बचा सकते हैं, न कि बड़े उद्योगपति। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और संस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि पिछले कई वर्षों में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया गया है।
कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने दिवंगत कांग्रेसी नेता योगेंद्र मिश्रा के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। सम्मेलन खत्म होने के बाद राहुल गांधी का काफिला मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल के लिए रवाना हो गया।
Location : Amethi
Published : 20 May 2026, 5:04 PM IST