कांवड़ यात्रा के बीच मीनाक्षी चौक पर हाई वोल्टेज ड्रामा, बीच सड़क धरने पर बैठी महिला

मुजफ्फरनगर के मीनाक्षी चौक पर कांवड़ यात्रा के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब बेटे की हिरासत से नाराज एक महिला बीच सड़क पर धरने पर बैठ गई। पुलिस की काफी समझाइश के बावजूद महिला नहीं मानी, जिसके बाद महिला पुलिस उसे उठाकर थाने ले गई। घटना से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 July 2026, 8:39 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में चल रही कांवड़ यात्रा के बीच मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शहर के सबसे व्यस्त मीनाक्षी चौक पर एक महिला अचानक बीच सड़क पर धरने पर बैठ गई। कांवड़ियों की लगातार आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए इस घटनाक्रम ने कुछ देर के लिए पुलिस प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दीं। महिला को हटाने के लिए पुलिस ने काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी तो महिला पुलिस को बुलाकर उसे वाहन में बैठाकर थाने ले जाना पड़ा।

व्यस्त चौराहे पर धरने से बिगड़ी यातायात व्यवस्था

मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे मीनाक्षी चौक पर अचानक एक महिला सड़क के बीच बैठ गई और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उस समय कांवड़ यात्रा के चलते पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी और कांवड़ियों का आवागमन लगातार जारी था। महिला के सड़क पर बैठने से यातायात प्रभावित होने लगा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह मौके पर पहुंचे।

मुजफ्फरनगर में सियासी बवाल: संजीव बालियान के घर के बाहर हंगामा, मारपीट और अवैध कब्जे के आरोपों पर गरमाई राजनीति

महिला पुलिस ने संभाला मोर्चा

जब काफी देर तक समझाने के बाद भी महिला नहीं मानी तो महिला थाना प्रभारी संगीता चौधरी महिला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। महिला पुलिसकर्मियों ने पहले शांतिपूर्वक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहने पर उसे उठाकर पुलिस वाहन में बैठाया गया और थाने ले जाया गया।

बाइक की टक्कर से शुरू हुआ पूरा विवाद

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत एक मामूली सड़क विवाद से हुई। बताया गया कि महिला के बेटे की बाइक की टक्कर एक अन्य युवक से हो गई थी। आरोप है कि दूसरा युवक शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां पूछताछ और समझाइश के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि मामला यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ देर बाद युवक अपनी मां के साथ दोबारा मीनाक्षी चौक पहुंच गया और हंगामा शुरू कर दिया।

कम जल लाएं, सेहत का रखें ध्यान; मुजफ्फरनगर में स्वामी यशवीर महाराज ने कांवड़ियों को दी सलाह

एएसपी भी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा भी मीनाक्षी चौक पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और मौके पर मौजूद लोगों से भी बातचीत की। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात को फिर से सुचारु कराया गया।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  28 July 2026, 8:39 PM IST

Related News

Advertisement