हिंदी
दिल्ली-टूंडला रेलवे लाइन पर दर्दनाक हादसा
Hathras: दिल्ली-टूंडला रेलवे लाइन पर सासनी स्टेशन और गोहाना चौकी के निकट सोमवार को ट्रेन की चपेट में आने से करीब 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान जिला अलीगढ़ के अकराबाद क्षेत्र निवासी सतीश कुमार के पुत्र संदीप के रूप में हुई। सूचना मिलते ही गोहाना चौकी प्रभारी जुगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई और घटना की सूचना परिजनों को दी।
संदीप की मौत की खबर सुनते ही परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बताया गया कि संदीप अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है।
चौकी प्रभारी जुगेंद्र सिंह के अनुसार, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन शव लेकर अपने घर रवाना हो गए।
Location : Hathras
Published : 29 September 2026, 5:36 AM IST