हिंदी
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा से सोमवार को क्रिकेट जगत से जुड़ी एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन कीमती बैट चोरी हो गए हैं। मामला शास्त्रीपुरम ग्राउंड का बताया जा रहा है, जहां से दीपक चाहर के प्लेयर एडिशन वाले तीन बैट गायब हुए। चोरी की जानकारी सामने आने के बाद दीपक चाहर ने सोशल मीडिया के जरिए चोर से बैट वापस करने की अपील की है।
क्रिकेटर दीपक चाहर के लाखों के 3 बैट चोरी, खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर की ये अपील#deepakchahar #battheft #agranews #cricketnews pic.twitter.com/gJnUowZYIj
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 28, 2026
जानकारी के मुताबिक, चोरी हुए तीनों बैट खास प्लेयर एडिशन के बताए जा रहे हैं। दीपक चाहर ने इन बैट की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई है। क्रिकेटर ने बताया कि इन बैट की असली कीमत शायद चोर को अंदाजा नहीं है, क्योंकि ये सिर्फ महंगे सामान नहीं बल्कि उनके लिए काफी खास हैं।
घटना के बाद दीपक चाहर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने बैट चोरी करने वाले व्यक्ति से अपील करते हुए कहा कि वह बैट वापस कर दे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बैट वापस मिल जाते हैं तो वह इसके बदले पैसे देने के लिए भी तैयार हैं।
दीपक चाहर के इस वीडियो के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि वीडियो को अब तक करीब 70 लाख लोग देख चुके हैं। क्रिकेट फैंस भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और बैट वापस मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।
दीपक चाहर भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रहे हैं और आईपीएल समेत कई बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके बैट चोरी होने की घटना ने अब शास्त्रीपुरम ग्राउंड की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
दिल्ली थप्पड़ कांड में मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ एक्शन, AAP विधायक जनरैल सिंह पर FIR
फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई और चोरी हुए बैट की बरामदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। दीपक चाहर की अपील के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या उनके खास बैट वापस मिल पाते हैं या नहीं।
Location : Agra
Published : 29 September 2026, 1:46 AM IST