हिंदी
अखिलेश यादव से मिलने के बाद पीड़िता के भाई ने जताया भरोसा (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Hardoi: जिले के गढ़ी रसूलपुर गांव में हुए शिल्पी हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार के बीच अब न्याय की उम्मीद फिर से जगी है। परिवार से मिलने पहुंचे अखिलेश यादव के दौरे के बाद पीड़िता के भाई ने कहा कि अब उन्हें लग रहा है कि उनकी बहन को इंसाफ मिल सकता है। लंबे समय से न्याय के लिए भटक रहे परिवार ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि अब तक प्रशासन की ओर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला था।
पीड़िता के भाई ने बताया कि घटना के बाद से उनका परिवार लगातार दबाव और डर के माहौल में जी रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के दबंग लोग उनके घर पर आकर मारपीट और धमकी देते थे, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे खुलेआम कहते थे कि वे अपनी जमीन बेचकर भी जेल से छूट जाएंगे। इस कारण परिवार को न्याय की उम्मीद धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही थी।
परिवार से मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने उनकी पूरी बात सुनी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पीड़िता के भाई ने बताया कि अखिलेश यादव ने साफ तौर पर कहा है कि वह इस मामले की CBI जांच की मांग करेंगे ताकि सच्चाई सामने आ सके और सभी दोषियों को सख्त सजा मिल सके। इस आश्वासन के बाद परिवार को लगा कि अब उनकी आवाज को एक मजबूत राजनीतिक समर्थन मिल गया है।
हरदोई में पीड़िता के भाई का बयान: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आने से बढ़ी न्याय की उम्मीद#Hardoi #ShilpiMurderCase #JusticeForShilpi #UPPolitics @samajwadiparty @yadavakhilesh pic.twitter.com/d5idrVtxH9
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 30, 2026
परिवार का कहना है कि स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच की उम्मीद कम नजर आ रही थी, इसलिए वे शुरू से ही CBI जांच की मांग कर रहे थे। अखिलेश यादव द्वारा इस मांग को समर्थन देने से अब उन्हें भरोसा हुआ है कि मामला राष्ट्रीय स्तर पर उठेगा और जांच निष्पक्ष तरीके से होगी। पीड़िता के भाई ने कहा कि वे चाहते हैं कि सभी दोषियों को फांसी की सजा मिले ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना करने की हिम्मत न करे।
अखिलेश यादव ने परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की है। परिवार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें चेक मिल चुका है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके लिए पैसे से ज्यादा जरूरी न्याय है। उनका कहना है कि जब तक उनकी बहन को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उन्हें शांति नहीं मिलेगी।
शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड: अखिलेश यादव के दौरे से पहले हरदोई में हाई अलर्ट, जानें कैसी है तैयारी?
परिवार ने राज्य सरकार से भी अपील की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जैसे अन्य मामलों में कड़ी कार्रवाई होती है, वैसे ही इस मामले में भी दोषियों की संपत्ति पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच और कड़ी सजा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Location : Hardoi
Published : 30 April 2026, 3:39 PM IST