हिंदी
अखिलेश यादव (Image: Dynamite News)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनावी जंग से पहले जुबानी गोलियां चलने लगी हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर ऐसा हमला बोला है, जिससे यूपी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। MLC चुनाव के नतीजों से उत्साहित अखिलेश ने दावा किया कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी, उसी दिन बीजेपी की हार तय हो जाएगी। उन्होंने अमित शाह के यूपी दौरे पर तंज कसा, योगी सरकार को घेरा और सदन में समाजवादी पार्टी की रिकॉर्डतोड़ ताकत बढ़ने का दावा भी किया।
अखिलेश यादव ने MLC चुनाव के परिणामों को समाजवादी पार्टी के लिए उत्साह बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में धूमधाम मचाने वाले लोग धड़ाम से गिर गए और अपनी सीट बचाने के चक्कर में बीजेपी का ही नुकसान हो गया। अखिलेश ने लखनऊ में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि यह तो अभी शुरुआत है। समाजवादी पार्टी PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की ताकत को और मजबूत करने के लिए इसी मेहनत और लगन से काम करती रहेगी।
अखिलेश यादव
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यूपी दौरे पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी ने प्रदेश में आने में काफी देर कर दी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में सदन के अंदर समाजवादी पार्टी की संख्या रिकॉर्ड तोड़ होगी। अखिलेश ने कहा कि जिस राजनीतिक पार्टी का ग्राफ ऊपर जाता है, वह आगे भी मजबूत होती जाती है।
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर शराब के ठेकों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 27 हजार शराब के ठेके खुलवाए गए, जबकि बीजेपी के कार्यकाल में 26 हजार स्कूल बंद हुए और 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के बीच बीजेपी की छवि खराब हुई है और लोग अब सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।
अखिलेश यादव
वाराणसी के चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि वहां के मतदाताओं ने डबल इंजन सरकार को डबल जीरो दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए उन्होंने काशी और गोरखधंधे को लेकर भी टिप्पणी की। साथ ही, MLC चुनाव में महिला शिक्षकों के वोट को बीजेपी के खिलाफ जनभावना का संकेत बताया।
अखिलेश यादव के इन बयानों से साफ है कि समाजवादी पार्टी आने वाले चुनावों में बीजेपी को घेरने के लिए पूरी ताकत लगाने की तैयारी में है। हालांकि, चुनावी नतीजों को लेकर अखिलेश के दावों की असली परीक्षा आगामी चुनाव में होगी। फिलहाल, यूपी में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और दोनों दलों के बीच मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं।
Location : Lucknow
Published : 30 October 2026, 6:10 PM IST