हिंदी
डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत करता पीड़ित परिवार (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र के गांव गढ़ी रसूलपुर में शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय स्तर पर आक्रोश पैदा किया है बल्कि राजनीतिक हलचल भी तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचेंगे। उनके आगमन से पहले गांव और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
अखिलेश यादव के दौरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गांव में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस बल की बड़ी तैनाती के बीच इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। राजनीतिक दलों के कई नेता और पूर्व मंत्री भी मौके पर मौजूद है।
डाइनामाइट न्यूज़ से खास बातचीत में शिल्पी कुशवाहा के भाई वीरेंद्र कुशवाहा और पिता रामरहीश ने गंभीर आरोप लगाए। परिवार का कहना है कि आरोपी रिषभ द्विवेदी और उसके पिता प्रमोद द्विवेदी लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे थे।
वीरेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार थाने से लेकर CO, SP और DM स्तर तक शिकायत की, लेकिन किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो यह दर्दनाक घटना नहीं होती।
वीरेंद्र कुशवाहा ने भावुक होते हुए कहा, "हमारी बहन शिल्पी की फावड़े से काटकर रिषभ द्विवेदी और उसके पिता प्रमोद द्विवेदी ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस अगर पहले हमारी बात सुन लेती तो आज वह हमारे साथ होती।"
उन्होंने आगे कहा कि शिल्पी कई बार थाने गई और लगभग 19 से 20 बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि SP कार्यालय तक गुहार लगाने के बावजूद न्याय नहीं मिला।
पीड़ित पिता रामरहीश ने कहा कि उनकी बेटी न्याय की उम्मीद में लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाती रही, लेकिन उसे सुरक्षा नहीं मिली। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, "हमें इंसाफ चाहिए, हमारी बेटी को न्याय मिले और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।"
देवरिया में सपा नेताओं पर पुलिस का बड़ा एक्शन, रातभर हाउस अरेस्ट, क्या है इसके पीछे की असली वजह
परिवार ने प्रशासन और सरकार पर भी सवाल उठाए हैं। भाई वीरेंद्र ने कहा, "आज क्यों नहीं कर रहें बाबा (सीएम योगी) एक्शन?" उनका इशारा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर था।
Location : Hardoi
Published : 30 April 2026, 11:41 AM IST