हिंदी
शादी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा (Image Source: Google)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र के मोहल्ला आज़ाद नगर में सोमवार को एक ऐसी घटना हुई जिसने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। यहां रहने वाले प्रवीण कुमार सक्सेना की बेटी श्रद्धा की शादी महराजगंज (गोरखपुर) निवासी प्रिकेश सक्सेना के साथ तय हुई थी। परिवार में कई दिनों से शादी की तैयारियां चल रही थीं और सोमवार को बारात का इंतजार किया जा रहा था।
दोपहर में जैसे ही बारात दरवाजे पर पहुंची और स्वागत की तैयारियां शुरू हुईं, उसी दौरान दुल्हन की मां रजनी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।
मां की मौत की खबर से शादी का माहौल अचानक शोक में बदल गया। कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि ऐसी परिस्थिति में क्या किया जाए। घर में एक तरफ बेटी की शादी की रस्में चल रही थीं तो दूसरी ओर मां के निधन से सभी लोग गहरे सदमे में थे।
मैनपुरी जिला अस्पताल में हंगामा, वार्ड बॉय से अभद्रता पर स्टाफ की अचानक हड़ताल; मरीज परेशान
स्थिति इसलिए भी मुश्किल थी क्योंकि बारात करीब 600 किलोमीटर दूर महराजगंज (गोरखपुर) से आई थी और बड़ी संख्या में मेहमान भी पहुंच चुके थे। परिवार और रिश्तेदारों के सामने यह कठिन निर्णय था कि शादी को रोका जाए या फिर आगे की रस्में पूरी की जाएं। काफी देर तक आपसी चर्चा के बाद परिजनों ने भारी मन से फैसला लिया कि शादी की रस्में पूरी कराई जाएं।
परिवार के इस कठिन फैसले के बाद घर में ही रजनी का शव रखा गया और दिल पर पत्थर रखकर शादी की बाकी रस्में पूरी कराई गईं। पूरे माहौल में गहरा दुख और भावुकता साफ दिखाई दे रही थी। रिश्तेदार और मेहमान भी इस घटना से बेहद दुखी नजर आए।
Budaun Road Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौत, बाइक चालक गंभीर घायल
बताया जा रहा है कि शादी की सभी जरूरी रस्में पूरी होने के बाद बारात की विदाई कर दी जाएगी। इसके बाद रजनी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दर्दनाक घटना ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। एक ही घर में खुशी और गम का ऐसा संगम देख लोग अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए। जहां एक तरफ बेटी की शादी की रस्में पूरी हुईं, वहीं दूसरी तरफ मां की मौत से पूरा परिवार गहरे शोक में डूब गया।
Location : Bareilly
Published : 10 March 2026, 1:33 PM IST
Topics : bareilly news Mother Dies mourning UP News wedding