ट्रेन की छत पर बैठा युवक और नीचे खड़े हजारों लोग… गोरखपुर में 45 मिनट तक थमी सांसें! आखिर क्यों?

गोरखपुर के डोमिनगढ़ स्टेशन पर एक युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया, जिससे अफरातफरी मच गई और राप्तीसागर एक्सप्रेस 45 मिनट तक रुकी रही। हाई वोल्टेज लाइन के बीच यह घटना बेहद खतरनाक थी, लेकिन समय रहते बिजली सप्लाई बंद कर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

Gorakhpur: जनपद के डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब राप्तीसागर एक्सप्रेस की एक बोगी के ऊपर एक युवक चढ़कर बैठ गया। यह घटना करीब शाम 4 बजे की बताई जा रही है, जिसने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों को दहशत में डाल दिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेन जैसे ही स्टेशन पर पहुंची, उसी दौरान एक युवक अचानक कोच के ऊपर चढ़ गया और वहीं बैठ गया। यह नजारा देखते ही प्लेटफॉर्म पर हड़कंप मच गया। कई यात्री घबराकर अपनी सीट छोड़कर नीचे उतर आए, जबकि कुछ लोग इस खतरनाक स्थिति का वीडियो अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।

छोटी सी चूक से जा सकती थी युवक की जान

सबसे चिंताजनक बात यह रही कि ट्रेन के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की लाइन उस समय चालू थी। ऐसे में युवक की जरा सी चूक भी उसकी जान ले सकती थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने सबसे पहले ओवरहेड बिजली सप्लाई बंद कराई।

महराजगंज में ‘देवरहा वंदन’ का भव्य लोकार्पण, संत परंपरा की अनसुनी बातें आईं सामने

मौके पर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी टीम

सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास शुरू किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 45 मिनट तक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक दसरथ प्रसाद ने बताया कि समय पर कार्रवाई और सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि अगर बिजली सप्लाई बंद न कराई जाती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

गेहूं के खेत से शुरू हुआ झगड़ा कैसे बना खूनी खेल? प्रधान समेत 10 घायल, गांव में दहशत

भाई के साथ सीतामढ़ी जा रहा था युवक

पूछताछ में सामने आया कि युवक अपने भाई के साथ सीतामढ़ी जा रहा था। उसके भाई ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती, जिसके कारण उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया। बाद में पुलिस ने युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद स्टेशन पर काफी देर तक लोग इसी विषय पर चर्चा करते रहे।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 20 March 2026, 12:27 PM IST

Advertisement