हिंदी
गोरखपुर: 8 टोल प्लाजा पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई(Source: Google)
Gorakhpur: सड़कों को सुरक्षित बनाने और हादसों पर लगाम लगाने के लिए गोरखपुर यातायात पुलिस ने नेशनल हाईवे और लिंक एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा अभियान छेड़ा है। 9 और 10 मई को जिले के 8 प्रमुख टोल प्लाजा पर एक साथ की गई इस कार्रवाई में 1000 से अधिक वाहनों की सघन चेकिंग की गई, जिसमें नियमों की धज्जियाँ उड़ाने वाले सैकड़ों चालक पुलिस के रडार पर आए।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने तकनीक का सहारा लेते हुए 'ब्रेथ एनालाइजर' से चालकों की जांच की। इस दौरान 70 वाहन चालक शराब के नशे में ड्राइविंग करते हुए पकड़े गए। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे में वाहन चलाना सड़क हादसों का सबसे बड़ा कारण है।
हाईवे पर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले 46 वाहनों पर ओवरस्पीडिंग के तहत चालान किया गया। इसके अलावा, पुलिस ने 32 ऐसे डंपर और ट्रकों को भी पकड़ा जो बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर फर्राटा भर रहे थे। पुलिस ने इनमें से कई वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया।
पुलिस की नजर केवल रफ्तार पर ही नहीं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण पर भी रही। चेकिंग के दौरान 11 वाहनों में अवैध 'प्रेशर हॉर्न' और 3 वाहनों में 'मॉडिफाइड साइलेंसर' लगे पाए गए। इन सभी को हटाकर भारी जुर्माना वसूला गया।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस अचानक हुई कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य राजस्व वसूली नहीं बल्कि जनहानि को रोकना है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आने वाले दिनों में भी हाईवे और प्रमुख चौराहों पर इसी तरह का 'सरप्राइज चेकिंग' अभियान जारी रहेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 12 May 2026, 1:56 AM IST
Topics : Drunk and Drive Campaign Gorakhpur News National Highway Safety Traffic Police Action Traffic Challan