हिंदी
Gorakhpur: साइबर अपराधियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम सेल को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने तकनीकी विशेषज्ञता का परिचय देते हुए एक व्यक्ति की मेहनत की कमाई के ₹3,43,896 वापस कराकर जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और गहरा किया है।
पीड़ित व्यक्ति ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, उसके साथ धोखाधड़ी तब हुई जब उसके बैंक खाते से बिना किसी ओटीपी (OTP) साझा किए आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल ₹3,43,896 निकाल लिए गए। अचानक खाते से बड़ी रकम गायब होने पर पीड़ित ने तत्काल पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ ने साइबर सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक साजिद अली खान के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। विशेषज्ञों ने ट्रांजेक्शन ट्रेल को ट्रैक करते हुए संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों से तुरंत संपर्क साधा और धोखाधड़ी की गई पूरी रकम को होल्ड करा दिया।
गोरखपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर ठगी का शिकार होने पर देरी न करें। घटना के तत्काल बाद राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या अधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते सूचना देने से ठगी गई रकम को सुरक्षित वापस पाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
Chatra News: चतरा में ब्राउन शुगर का काला खेल; रामगढ़ के युवकों का गिद्धौर कनेक्शन क्या है?
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक साजिद अली खान, हेड कांस्टेबल शशिकांत जायसवाल, कांस्टेबल पंकज कुमार गुप्ता, कांस्टेबल अखिलेश कुमार तथा महिला आरक्षी दीप्ती सिंह की अहम भूमिका रही। साइबर सेल की मुस्तैदी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से साइबर अपराधियों पर प्रभावी लगाम लगाई जा सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 12 May 2026, 12:20 AM IST