बच्चों की लड़ाई बनी खूनी जंग! घर में घुसकर बरसाए लाठी-डंडे, 5 घायल; गांव में मचा हड़कंप

गोरखपुर के एक गांव में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक ऐसे मोड़ पर पहुंच गया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर घर में घुसकर हमला किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र के टड़वा कला गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ एक मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। शुक्रवार को हुई इस घटना ने पूरे गांव को दहला दिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोग हथियारों से लैस होकर एक परिवार के घर में घुस गए और जमकर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुछ दिन पहले बच्चों में हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार टड़वा कला गांव निवासी राजकुमार यादव के बच्चों और पड़ोस के कुछ बच्चों के बीच कुछ दिन पहले कहासुनी हुई थी। उस समय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। हालांकि दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव खत्म नहीं हुआ और तनाव लगातार बना रहा। ग्रामीणों का कहना है कि बाहर से मामला शांत दिख रहा था, लेकिन अंदर ही अंदर दोनों पक्षों में नाराजगी बनी हुई थी।

घर में घुसकर किया हमला

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शुक्रवार सुबह आरोपी पक्ष के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर उनके घर पहुंचे। इसके बाद घर में घुसकर परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।हमले में सुरसती देवी (60), ममता (40), रूप नारायण यादव (65), राजकुमार यादव (41) और दीनानाथ (50) घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

देवघर से छूटी सेहत की ‘एक्सप्रेस’, दावों और हकीकत के बीच फंसा पीढ़ियों का वो दर्द… क्या सच में बदलेगी तस्वीर?

दो घायलों की हालत गंभीर

डॉक्टरों के अनुसार राजकुमार यादव और दीनानाथ को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में किया गया। परिवार के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी।

पांच आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुनीश चंद, दिनेश चंद, आनंद यादव, संध्या यादव और राजमती यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास, घर में घुसकर मारपीट, बलवा और जान से मारने की धमकी सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

अब हर सौदे का हिसाब देना होगा! UP RERA का नया नियम, चूक गए तो सीधे लगेगा 10,000 रुपये का जुर्माना

पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि गांव में किसी तरह का तनाव न बढ़े, इसके लिए दोनों पक्षों की ओर से चार लोगों को पाबंद भी किया गया है।

Location :  Gorakhpur

Published :  20 June 2026, 11:50 AM IST

Related News

Advertisement